मिशन 2027 को धार देने में जुटा राष्ट्रीय लोकदल, बरेली में संगठन का हुआ विस्तार
रिपोर्ट-मुस्तकीम मंसूरी
जिला अध्यक्ष वाजिद हुसैन के नेतृत्व में नई टीम का गठन, नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत करने का लिया संकल्प
बरेली। राष्ट्रीय लोकदल ने मिशन 2027 को ध्यान में रखते हुए संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। केंद्रीय नेतृत्व के आवाहन और प्रदेश नेतृत्व की संस्तुति पर बरेली में जिला अध्यक्ष वाजिद हुसैन के नेतृत्व में संगठनात्मक ढांचे का विस्तार किया गया।
इस दौरान आयोजित कार्यक्रम में अनस मलिक और मुशाहिद अली प्रधान को जिला उपाध्यक्ष तथा विकास चौधरी को जिला महासचिव नियुक्त किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों का फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष वाजिद हुसैन ने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल हमेशा किसानों, नौजवानों और समाज के हर वर्ग की आवाज उठाता रहा है। उन्होंने कहा कि मिशन 2027 को सफल बनाने के लिए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना जरूरी है और इसके लिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करना होगा।
नवनियुक्त जिला उपाध्यक्ष अनस मलिक ने कहा कि पार्टी ने जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे जनता के बीच जाकर पार्टी की नीतियों और विचारों को पहुंचाएं।
वहीं, मुशाहिद अली प्रधान ने अपने संबोधन में कहा कि संगठन को मजबूती देना ही उनकी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के सहयोग से राष्ट्रीय लोकदल को जिले में और अधिक सशक्त बनाया जाएगा।
जिला महासचिव बने विकास चौधरी ने कहा कि युवाओं को जोड़कर संगठन को नई ऊर्जा दी जाएगी और पार्टी की विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाया जाएगा।
कार्यक्रम में संजय त्रिवेतिया, जितेंद्र मिश्रा (जिला प्रवक्ता), भूपेंद्र ढाका, लईक अहमद समेत कई वरिष्ठ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने एकजुट होकर मिशन 2027 को सफल बनाने का संकल्प लिया।
Comments
Post a Comment