सरधना में माता मरियम मेले की तैयारियों को लेकर सीओ, थाना प्रभारी, ईओ व पूर्व चेयरमैन ने किया निरीक्षण
सरधना। आगामी माता मरियम मेले की तैयारियों को लेकर बुधवार को पुलिस प्रशासन और नगर पालिका प्रशासन ने संयुक्त रूप से मेले स्थल का निरीक्षण किया। इस मौके पर सीओ सरधना आशुतोष कुमार, थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार सिंह, नगर पालिका सरधना की अधिशासी अधिकारी (ईओ) दीपिका शुक्ला और पूर्व चेयरमैन नि़ज़ाम अंसारी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मेले स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, पार्किंग व्यवस्था, स्वच्छता, बिजली-पानी की आपूर्ति और प्रकाश व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। सीओ आशुतोष कुमार ने पुलिस टीम को निर्देश दिए कि मेले के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं और भीड़ नियंत्रण के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाए।
थाना प्रभारी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगाई जाएंगी और मेले क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे से निगरानी रखी जाएगी।
वहीं ईओ दीपिका शुक्ला ने बताया कि पालिका द्वारा मेले से पूर्व पूरे क्षेत्र की सफाई व्यवस्था को बेहतर किया जा रहा है। अस्थायी शौचालय, पेयजल टैंक और प्रकाश व्यवस्था के कार्य तेजी से कराए जा रहे हैं।
पूर्व चेयरमैन नि़ज़ाम अंसारी ने कहा कि माता मरियम मेले में हर वर्ष हजारों की संख्या में श्रद्धालु आते हैं, इसलिए इस बार सभी विभाग मिलकर व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बना रहे हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
Comments
Post a Comment