बरेली के जवाहर स्कूल में कन्या फाउंडेशन की ओर से लगा फ्री मेडिकल कैंप
रिपोर्ट-मुस्तकीम मंसूरी
गरीब बच्चों को मिली फ्री दवाइयां, जांच और हेल्थ टिप्स-डॉ. शारिक सिद्दीकी की पहल पर हुआ आयोजन
बरेली। पुराने शहर के जवाहर स्कूल में कन्या फाउंडेशन की ओर से एक फ्री मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया। यह कैंप कन्या फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. शारिक सिद्दीकी के निर्देशन और पहल पर लगाया गया। इस कैंप का उद्देश्य समाज के उन बच्चों और परिवारों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुँचाना था, जो महंगे इलाज का खर्च नहीं उठा पाते।
कैंप में स्कूल के बच्चों और आसपास के गरीब व जरूरतमंद परिवारों के बच्चों की मुफ्त स्वास्थ्य जांच की गई। जांच के दौरान डॉक्टरों ने बच्चों को फ्री दवाइयां भी दीं और हेल्थ टिप्स देकर उन्हें स्वच्छता और स्वास्थ्य के महत्व के बारे में जानकारी दी। बच्चों को बताया गया कि मौसम के अनुसार खानपान में क्या बदलाव करें और किस तरह रोज़मर्रा की छोटी सावधानियां बड़े रोगों से बचा सकती हैं।
इस चिकित्सा शिविर में शहर के कई नामी डॉक्टरों ने अपनी सेवाएं दीं। इनमें डॉ. मोहसिन तनवीर, गाइनोलॉजिस्ट डॉ. दीपांशी, डॉ. नदीम खान समेत कारे हॉस्पिटल की पूरी मेडिकल टीम मौजूद रही। सभी विशेषज्ञ डॉक्टरों ने बच्चों की जांच की और उनकी बीमारियों के अनुसार दवाइयां उपलब्ध कराईं।
कन्या फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. शारिक सिद्दीकी ने बताया कि संस्था का उद्देश्य समाज के पिछड़े और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि “स्वस्थ समाज ही मजबूत राष्ट्र की नींव है, इसलिए कन्या फाउंडेशन समय-समय पर ऐसे कैंप आयोजित करती रहती है ताकि जरूरतमंदों को घर के पास ही इलाज और मार्गदर्शन मिल सके।”
कैंप में उपस्थित बच्चों और अभिभावकों ने इस आयोजन की जमकर सराहना की। कई लोगों ने कहा कि ऐसे सामाजिक और मानवीय कार्यों से न केवल लोगों को राहत मिलती है, बल्कि समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी बढ़ती है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में जवाहर स्कूल प्रशासन, कारे हॉस्पिटल टीम, और कन्या फाउंडेशन के स्वयंसेवकों का विशेष योगदान रहा। सभी ने मिलकर यह संदेश दिया कि यदि समाज के हर वर्ग के लोग आगे आएं, तो स्वास्थ्य, शिक्षा और जागरूकता की राह पर बड़ा बदलाव संभव है।
Comments
Post a Comment