बसंत पंचमी पर नगर पालिका की सौगात, प्राथमिक व कंपोजिट विद्यालयों में वितरित किए गए 244 बेंच-फर्नीचर सेट*
शाहिद खान संवाददाता पीलीभीत*
पीलीभीत। बसंत पंचमी के पावन अवसर पर नगर पालिका परिषद पीलीभीत द्वारा शिक्षा को समर्पित एक सराहनीय पहल की गई। नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल के नेतृत्व में शहर के विभिन्न प्राथमिक एवं कंपोजिट विद्यालयों में बच्चों के बैठने की सुविधा को बेहतर बनाने के उद्देश्य से बेंच-फर्नीचर सेट वितरित किए गए। नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल ने बताया कि बसंत पंचमी का पर्व विद्या की देवी मां सरस्वती को समर्पित होता है। ऐसे शुभ अवसर पर यदि बच्चों को शिक्षा से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, तो यह वास्तव में पर्व का सार्थक रूप होता है। इसी सोच के तहत नगर पालिका परिषद द्वारा शहर के प्राथमिक और कंपोजिट विद्यालयों में कुल 244 बेंच-फर्नीचर सेट उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर वातावरण में अध्ययन करने का अवसर मिलेगा। इस क्रम में प्राथमिक विद्यालय ताखान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बेसिक शिक्षा अधिकारी रोशनी सिंह की उपस्थिति में विद्यालय को बेंच-फर्नीचर सेट प्रदान किए गए। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में मां सरस्वती का विधिवत पूजन किया गया तथा बच्चों को बसंत पंचमी परंपरा के अनुसार पीली तहरी का भोजन प्रसाद भी वितरित किया गया।
नगर पालिका अध्यक्ष ने जानकारी दी कि शहर के अन्य प्राथमिक एवं कंपोजिट विद्यालयों में भी चरणबद्ध तरीके से बेंच-फर्नीचर सेट पहुंचाए जा रहे हैं, ताकि किसी भी विद्यालय में बच्चों को बैठने में असुविधा न हो।
इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी संजीव कुमार, सभासद साकेत सक्सेना, वतनदीप मिश्रा, निजाकत अली कादरी, निर्मल सिंह टीटू, विपिन कुमार उर्फ राजू फौजी, राशिद हुसैन, अनस अंसारी, रोहित राय, अंशु सोनी, मोहम्मद शरीफ, इकबाल हजरत, अवतार सिंह उर्फ मोनू, सुनीता सिंह, जाहिदा बी, सफाई कर्मचारी संगठन के अध्यक्ष मुकेश कुमार सहित अनेक गणमान्य नागरिक, विद्यालय स्टाफ एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों एवं अभिभावकों ने नगर पालिका परिषद की इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि इससे बच्चों को पढ़ाई के लिए अनुकूल माहौल मिलेगा और विद्यालयों की मूलभूत सुविधाओं में भी सुधार होगा।
Comments
Post a Comment