यूपी के 77वें स्थापना दिवस पर लखनऊ पहुंचे अमित शाह, सीएम योगी ने किया भव्य स्वागत”
रिपोर्ट-मुस्तकीम मंसूरी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के 77वें स्थापना दिवस के अवसर पर राजधानी लखनऊ में आज भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पहुंचे, जिनका स्वागत प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अत्यंत गर्मजोशी से किया।
अमित शाह के आगमन पर लखनऊ एयरपोर्ट से लेकर कार्यक्रम स्थल तक भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने गृह मंत्री का स्वागत किया। इस दौरान पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया गया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, संगठन मंत्री धर्मपाल सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी अमित शाह का स्वागत किया। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के कई मंत्री, विधायक और भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
राज्य सरकार की ओर से मुख्य सचिव शशि प्रकाश गोयल और डीजीपी राजीव कृष्ण ने भी गृह मंत्री का स्वागत करते हुए उन्हें उत्तर प्रदेश की प्रशासनिक उपलब्धियों से अवगत कराया।
इस अवसर पर आयोजित स्थापना दिवस समारोह में अमित शाह ने उत्तर प्रदेश के विकास, सुशासन और अमन-चैन की दिशा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि “आज उत्तर प्रदेश पूरे देश के लिए विकास का मॉडल बन चुका है, यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संयुक्त नेतृत्व की देन है।”
समारोह में प्रदेश की कला, संस्कृति और लोक परंपरा को दर्शाते आकर्षक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। गृह मंत्री अमित शाह ने इन सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश का गौरवशाली इतिहास और सांस्कृतिक विविधता पूरे भारत की पहचान है।
कार्यक्रम में भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, अधिकारी, कलाकार और नागरिक शामिल हुए। पूरे लखनऊ में यूपी स्थापना दिवस का उल्लास देखने को मिला सड़कों पर सजावट, रोशनी और बैनरों से राजधानी सजी हुई नजर आई।
Comments
Post a Comment