डांस, फिटनेस और उत्साह के संग नववर्ष का स्वागत, जावेद फ्यूज़न एकेडमी में भव्य आयोजन*
शाहिद खान संवाददाता पीलीभीत*
पीलीभीत। नगर के टनकपुर रोड स्थित जावेद फ्यूज़न फिटनेस एंड डांस एकेडमी में नववर्ष के अवसर पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र कुमार श्रीवास रहे। लगभग 100 बच्चों की सहभागिता वाले इस आयोजन में नृत्य, फिटनेस और खेल प्रतिभाओं का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने विभिन्न फिल्मी गीतों पर आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। रूही ने “ऐ दिल है मुश्किल” गीत पर भावपूर्ण नृत्य प्रस्तुत किया। हर्ष ने “सैय्यारा तू तो बदला” गाने पर दमदार प्रस्तुति दी। वहीं आयुष्मान ने अपने साथियों के साथ “अंडे का फंडा” गीत पर समूह नृत्य कर दर्शकों की जमकर तालियां बटोरीं। इसके अलावा अन्य लोकप्रिय फिल्मी गानों पर भी बच्चों ने शानदार डांस परफॉर्मेंस दी।
कार्यक्रम में संस्था के संचालक एवं प्रसिद्ध कोरियोग्राफर जावेद, जिम्नास्ट कोच हरिकिशोर और स्केटिंग कोच हाशिम का विशेष योगदान रहा, जिनके मार्गदर्शन में बच्चे लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रशिक्षकों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें निरंतर अभ्यास और अनुशासन का महत्व बताया।
मुख्य अतिथि राजेन्द्र कुमार श्रीवास ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ उनके सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों की प्रतिभा को आगे बढ़ाने में सहयोग करने का आह्वान किया। संस्था संचालक जावेद ने कहा कि एकेडमी का उद्देश्य बच्चों को फिटनेस, नृत्य और खेल के क्षेत्र में मजबूत मंच प्रदान करना है।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि द्वारा प्रतिभाशाली बच्चों को सम्मानित किया गया। इसके बाद केक काटकर नववर्ष का स्वागत किया गया और मिष्ठान वितरण हुआ।
इस अवसर पर उपस्थित बच्चों में रूही, ओम, नविशा, गफिया, फरिया, आयुष्मान, हर्ष, यशिका, आर्यन, कान्हा, पीहू, अर्जन, आन्या, कौशल, रितिका, आभा, तनिष्क सहित अन्य बच्चे शामिल रहे। कार्यक्रम में अभिभावक और बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।
Comments
Post a Comment