LSAS प्रशिक्षण का फाइनल टियर परीक्षा 13 जनवरी को-स्वास्थ्य विभाग ने जारी किया निर्देश
रिपोर्ट-मुस्तकीम मंसूरी
लखनऊ। प्रदेश के चिकित्सकों के लिए आयोजित Life Saving Anaesthesia Skills (LSAS) प्रशिक्षण कार्यक्रम का Final Tier (III) Examination आगामी 13 जनवरी 2025 को आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में महानिदेशक (प्रशिक्षण), चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, उत्तर प्रदेश की ओर से आदेश जारी कर दिए गए हैं।
महानिदेशक डॉ. ए.के. अग्रवाल द्वारा जारी पत्र के अनुसार, यह परीक्षा संतुलन भवन, नर्सिंग प्रशिक्षण विभाग, कैन्टोनमेंट रोड, लखनऊ में संपन्न कराई जाएगी। स्वास्थ्य विभाग के तहत आने वाले समस्त मंडलों के मुख्य चिकित्साधिकारी और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को निर्देश दिया गया है कि प्रशिक्षण प्राप्त चिकित्सकों की उपस्थिति परीक्षा में सुनिश्चित कराई जाए।
पत्र में कहा गया है कि प्रशिक्षणार्थियों को 13 जनवरी को आयोजित Final Tier (III) Examination में शामिल होना अनिवार्य है। परीक्षा परिणाम के आधार पर सफल (Pass) अभ्यर्थियों को LSAS प्रशिक्षण का अंतिम प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिन चिकित्सकों ने पहले चरण (Tier I व II) सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया है, उन्हें इस अंतिम परीक्षा में सम्मिलित होना आवश्यक है। संबंधित जिलों के मुख्य चिकित्सा अधिकारी को प्रतिभागियों की सूची तैयार कर समय से परीक्षा केंद्र भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
इस आदेश की प्रति संचालक (प्रशिक्षण), चिकित्सा शिक्षा निदेशालय, महानिदेशक, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं, तथा सर्वमंडलीय अपर निदेशक (चिकित्सा एवं परिवार कल्याण) को भी भेजी गई है।
उल्लेखनीय है कि LSAS प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में कार्यरत चिकित्सकों को आपातकालीन एनेस्थीसिया सेवाओं में दक्ष बनाना है ताकि मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में प्रभावी कमी लाई जा सके।
Comments
Post a Comment