तहसील दिवस में मेरठ रोड मुख्य नाले की सफाई को लेकर सौंपा ज्ञापन, नगर व देहात में जलभराव से आ रही बड़ी समस्या।
सरधना। कस्बा सरधना से नानू की नहर तक जाने वाला मेरठ रोड स्थित मुख्य नाला, जो नगर पालिका क्षेत्र से बाहर होकर सिंचाई विभाग के अधीन आता है, वर्षों से सफाई न होने के कारण पूरी तरह चोक हो चुका है। इस नाले से कस्बे के साथ-साथ आसपास के देहात क्षेत्र के कई गांवों का पानी होकर गुजरता है।
मेरठ रोड नाले में भारी मात्रा में गाद, कूड़ा-करकट एवं झाड़-झंखाड़ जमा होने से जल निकासी अत्यंत धीमी हो गई है। परिणामस्वरूप नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। कई मोहल्लों में पानी भर जाने से आमजन का आवागमन बाधित है तथा व्यापार व दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है।
इस गंभीर समस्या को लेकर शाहवेज़ अंसारी ने तहसील दिवस में जिलाधिकारी के नाम संबोधित ज्ञापन संबंधित अधिकारियों को सौंपा। ज्ञापन में सिंचाई विभाग को तत्काल निर्देशित कर मेरठ रोड सरधना पुलिस चौकी से नानू तक मुख्य नाले की मशीनों द्वारा सफाई, गाद निकासी एवं जल प्रवाह सुचारू कराने की मांग की गई।
इस अवसर पर शाहवेज़ अंसारी ने कहा की, यह केवल नगर की नहीं बल्कि देहात के कई गांवों की भी समस्या है। वर्षों से मेरठ रोड नानू तक मुख्य नाले की सफाई न होने के कारण हालात बद से बदतर हो चुके हैं। यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो जनस्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव पड़ेगा। प्रशासन को जनहित में तत्काल कदम उठाने चाहिए।
क्षेत्रवासियों ने भी प्रशासन से शीघ्र समाधान की मांग की है।
Comments
Post a Comment