लखनऊ में बसपा और पसमांदा मुस्लिम महासभा की अहम बैठक, 2027 चुनाव को लेकर रणनीति पर चर्चा
ईद के मौके पर हुई मुलाकात में पसमांदा समाज की भागीदारी, समस्याओं और राजनीतिक प्रतिनिधित्व पर हुई गंभीर बातचीत
लखनऊ से ब्यूरो रिपोर्ट
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में ईद के पावन अवसर पर एक महत्वपूर्ण राजनीतिक मुलाकात ने आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। भारतीय पसमांदा मुस्लिम महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मकसूद अंसारी के गोमती नगर स्थित आवास पर बहुजन समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने शिष्टाचार भेंट की।
यह मुलाकात मायावती के निर्देश पर आयोजित हुई, जिसमें सामाजिक समरसता, राजनीतिक भागीदारी और आगामी चुनावी रणनीति को लेकर गहन चर्चा की गई।
ईद की मुबारकबाद और सामाजिक संदेश:
इस अवसर पर बसपा प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने मकसूद अंसारी को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और कहा कि “बहन जी” मायावती की ओर से तथा पूरे बहुजन समाज की तरफ से भारतीय पसमांदा मुस्लिम महासभा के सभी सदस्यों को ईद की दिली शुभकामनाएं। साथ ही उन्होंने प्रदेशवासियों के लिए भी शांति, भाईचारे और तरक्की की कामना की।
उन्होंने इस मौके पर सामाजिक एकता और आपसी सौहार्द को मज़बूत करने पर जोर देते हुए कहा कि त्योहार हमें जोड़ने का काम करते हैं और समाज को एक नई दिशा देते हैं।
2027 विधानसभा
चुनाव पर मंथन:
बैठक के दौरान दोनों नेताओं के बीच 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर गंभीर चर्चा हुई। पसमांदा समाज की राजनीतिक भागीदारी, उनकी मौजूदा समस्याओं और उन्हें मुख्यधारा में लाने के मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
मकसूद अंसारी ने पसमांदा समाज के सामाजिक, शैक्षिक और आर्थिक पिछड़ेपन के मुद्दे उठाते हुए कहा कि इस वर्ग को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाना समय की जरूरत है। उन्होंने बसपा नेतृत्व से अपेक्षा जताई कि आने वाले चुनावों में पसमांदा समाज को उचित प्रतिनिधित्व दिया जाए।
बसपा की रणनीति में पसमांदा समाज की भूमिका:
विश्वनाथ पाल ने आश्वस्त किया कि बहुजन समाज पार्टी हमेशा से वंचित, पिछड़े और अल्पसंख्यक वर्गों की आवाज रही है और आगे भी पसमांदा समाज को मजबूत भागीदारी देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि बसपा की नीतियां सर्वसमाज के उत्थान के लिए हैं और पार्टी आगामी चुनावों में सामाजिक संतुलन को प्राथमिकता देगी।
इस पूरी बैठक की जानकारी देते हुए भारतीय पसमांदा मुस्लिम महासभा के प्रदेश प्रभारी मुस्तकीम मंसूरी ने बताया कि यह मुलाकात बेहद सकारात्मक रही। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों के बीच संवाद से यह स्पष्ट हुआ है कि आने वाले समय में पसमांदा समाज की राजनीतिक भूमिका और अधिक मजबूत होगी।
ईद के अवसर पर हुई यह मुलाकात सिर्फ शुभकामनाओं तक सीमित नहीं रही, बल्कि इसने उत्तर प्रदेश की राजनीति में पसमांदा समाज की बढ़ती अहमियत और 2027 के चुनावी समीकरणों की दिशा भी तय करने के संकेत दिए हैं।
Comments
Post a Comment