*पालिकाध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल ने जीर्णोद्धार के बाद घंटाघर का किया लोकार्पण
पीलीभीत। नगर पालिका रद द्वारा शहर के सौंदर्यीकरण और ऐतिहासिक स्थलों के संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए जेपी रोड वार्ड-25 स्थित ऐतिहासिक घंटाघर का जीर्णोद्धार कराया गया। जीर्णोद्धार कार्य पूर्ण होने के बाद नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल ने विधिवत लोकार्पण कर इसे शहरवासियों को समर्पित किया। इस घंटाघर में लगाई
गई लाइटें 15 तरह से रंग बदलेंगी। जिसका नियंत्रण मोबाइल से रहेगा। जैसे राष्ट्रीय पर्वों पर इनका रंग तिरंगा कर दिया जाएगा। नगर पालिका द्वारा कराए गए कार्यों के अंतर्गत घंटाघर में चारों दिशाओं में नई आधुनिक घड़ियां स्थापित कराई गई हैं, जिससे अब शहर के विभिन्न हिस्सों से समय स्पष्ट रूप से देखा जा सकेगा। इसके साथ ही घंटाघर को आकर्षक बनाने के लिए रंग-बिरंगी फसाड लाइटें लगाई गई हैं। पूरे ढांचे का रंग-रोगन कराकर इसे नया रूप दिया गया है। घंटाघर की विशेष सजावट में जनपद की पहचान को भी प्रमुखता दी गई है। संरचना पर पीलीभीत की प्रसिद्ध बांसुरी तथा जिले की शान माने जाने वाले टाइगर की आकर्षक कलाकृतियां बनवाई गई हैं, जो स्थानीय संस्कृति और पहचान को दर्शाती हैं।
इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल ने कहा कि होली के पर्व पर घंटाघर का पुनः संचालन शहरवासियों के लिए नगर पालिका की ओर से एक उपहार है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से बंद पड़े इस घंटाघर के घंटे अब एक बार फिर सुनाई देने लगे हैं, जिससे शहर की पुरानी पहचान और विरासत को नई ऊर्जा मिली है। नगर पालिका शहर के विकास, सौंदर्यीकरण और ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
लोकार्पण कार्यक्रम में सभासद साकेत सक्सेना, वतनदीप मिश्रा, राशीद हुसैन, विपिन कुमार उर्फ राजू फौजी, निजाकत अली कादरी, निर्मल सिंह टीटू, सुनीता सिंह, विकास बाबू, इमरान अंसारी, शरीफ अंसारी, शिवम श्रीवास्तव, मोहन स्वरूप, विपिन त्यागी सहित बड़ी संख्या में शहरवासी, व्यापारी जितेंद्र गुप्ता, सोनू महातीया, रतन नाथ मिश्रा, स्वतन्त्र देवल, अरुण जैसवार एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों ने नगर पालिका की इस पहल की सराहना की और घंटाघर के नए स्वरूप पर खुशी व्यक्त की।
Comments
Post a Comment