आपदा में अवसर! महंगे दाम पर सिलेंडर बेचने के आरोप में गैस एजेंसी मालिक गिरफ्तार, एजेंसी सील
रिपोर्ट-मुस्तकीम मंसूरी
ईरान युद्ध के माहौल में बढ़ती मांग का उठाया फायदा, तय कीमत से अधिक पर सिलेंडर बेचने का आरोप
गोरखपुर। में घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी के मामले में बड़ी कार्रवाई सामने आई है। आशीष गैस सर्विस के मालिक पवन वर्मा को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोप है कि उन्होंने मौजूदा हालात का फायदा उठाते हुए उपभोक्ताओं को सरकार द्वारा निर्धारित कीमत से अधिक दाम पर गैस सिलेंडर बेचे।
जानकारी के अनुसार हाल ही में वैश्विक स्तर पर चल रहे ईरान इजरायल टकराव के कारण ऊर्जा और ईंधन को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है। इसी बीच शिकायतें मिलने लगीं कि शहर की आशीष गैस सर्विस एजेंसी पर गैस सिलेंडर तय कीमत से ज्यादा दरों पर बेचे जा रहे हैं।
मामले की जानकारी मिलने पर पूर्ति विभाग की टीम ने छापेमारी की। जांच में आरोपों की पुष्टि होने पर विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एजेंसी को सील कर दिया और संबंधित दस्तावेज जब्त कर लिए। इसके बाद विभाग की ओर से आरोपी एजेंसी संचालक के खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गैस एजेंसी मालिक पवन वर्मा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
पूर्ति विभाग के अधिकारियों का कहना है कि सरकार द्वारा घरेलू गैस सिलेंडरों की कीमत तय की जाती है और उपभोक्ताओं से निर्धारित दर से अधिक पैसा लेना गंभीर अपराध है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी तरह की कालाबाजारी या उपभोक्ताओं के शोषण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
विभाग ने यह भी चेतावनी दी है कि अगर अन्य गैस एजेंसियों द्वारा भी इस तरह की अनियमितता की शिकायत मिलती है तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अन्य गैस एजेंसियों में भी हड़कंप का माहौल देखा जा रहा है।
Comments
Post a Comment