जश्न-ए-ईद एवं होली मिलन महोत्सव में उमड़ा जनसैलाब, बरेली में दिखी गंगा-जमुनी तहज़ीब की अनोखी मिसाल
डॉ. अनीस बेग के आयोजन ने रचा इतिहास, बॉलीवुड सिंगर सलमान अली ने बांधा समां सामाजिक सौहार्द और एकता का दिया संदेश
बरेली से मुस्तकीम मंसूरी की ख़ास रिपोर्ट
बरेली में आयोजित “आओ गले मिलें” जश्न-ए-ईद एवं होली मिलन महोत्सव ने इतिहास रच दिया। अनीस सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल एवं फहमी आईवीएफ सेंटर के डायरेक्टर और सपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष डॉ. अनीस बेग द्वारा आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में जनसैलाब उमड़ पड़ा। हजारों की संख्या में पहुंचे लोगों ने इस आयोजन को यादगार बना दिया।
इस कार्यक्रम ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि बरेली को अमन और भाईचारे की नगरी क्यों कहा जाता है। ईद और होली जैसे दो बड़े पर्वों को एक साथ मनाने की इस पहल ने गंगा-जमुनी तहज़ीब की खूबसूरत तस्वीर पेश की, जहां हर धर्म, हर वर्ग और हर समुदाय के लोग एक मंच पर नजर आए।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहे मशहूर बॉलीवुड सिंगर सलमान अली जिन्होंने अपनी सुरीली आवाज से पूरे माहौल को संगीत में रंग दिया। उनके गीतों पर उपस्थित जनसमूह झूम उठा और तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा परिसर गूंज उठा।
इस मौके पर शहर के गणमान्य लोग, समाजसेवी, बुद्धिजीवी वर्ग और राजनीतिक हस्तियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सभी ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद और होली की बधाई दी, जो आपसी भाईचारे और सौहार्द का जीवंत उदाहरण बन गया।
वहीं बरेली में सपा नेता डॉ.अनीस बेग द्वारा आयोजित जश्न ए ईद एवं होली मिलन महोत्सव कार्यक्रम आयोजित किए जाने पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी डॉ. अनीस बेग को बधाई देते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन की सराहना
की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. अनीस बेग ने कहा कि ईद और होली जैसे पर्व हमें प्रेम, भाईचारे और एकता का संदेश देते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में आपसी सद्भाव को मजबूत करने का काम करते हैं और हमें एक सूत्र में बांधते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि उनका हमेशा प्रयास रहा है कि सभी धर्मों और जातियों को जोड़कर एक ऐसा गुलदस्ता तैयार किया जाए, जिससे मोहब्बत की खुशबू फैले और देश की एकता, अखंडता एवं सांप्रदायिक सौहार्द की मिसाल पूरी दुनिया के सामने पेश हो।
कार्यक्रम से पहले सलमान अली ने अनीस सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल एवं फहमी आईवीएफ सेंटर का दौरा भी किया, जहां डॉ. अनीस बेग और उनकी टीम ने उनका जोरदार स्वागत किया। अस्पताल में मौजूद आधुनिक सुविधाओं की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि अब बरेली के लोगों को दिल्ली और लखनऊ जैसी बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं यहीं उपलब्ध हो रही हैं।
यह आयोजन न सिर्फ एक सांस्कृतिक कार्यक्रम रहा, बल्कि सामाजिक एकता, प्रेम और भाईचारे का ऐसा संदेश दे गया, जिसने हर किसी के दिल को छू लिया। बरेली में यह “आओ गले मिलें” महोत्सव आने वाले समय में एक मिसाल के तौर पर याद किया जाएगा।
Comments
Post a Comment