त्योहारों और अहम कार्यक्रमों को लेकर सीएम योगी सख्त, अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश
रिपोर्ट-मुस्तकीम मंसूरी
वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से कानून-व्यवस्था, सुरक्षा और व्यवस्थाओं की समीक्षा, उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा, ईद-अलविदा नमाज, नवरात्रि और राम नवमी पर विशेष तैयारी के निर्देश
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगामी त्योहारों, महत्वपूर्ण परीक्षाओं और वीआईपी कार्यक्रमों को लेकर प्रदेश के सभी जिलों के अधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की। बैठक में मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी कार्यक्रम के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा, ईद और अलविदा की नमाज के दौरान सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन आयोजनों के दौरान भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहे तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अफवाह को फैलने से रोका जाए।
बैठक में मुख्यमंत्री ने आगामी नवरात्रि पर्व को देखते हुए मिर्जापुर, बलरामपुर, सीतापुर और सहारनपुर जिलों के अधिकारियों को विशेष दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है, इसलिए साफ-सफाई, सुरक्षा, ट्रैफिक व्यवस्था और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने राम नवमी के अवसर पर प्रदेशभर में होने वाले धार्मिक आयोजनों को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियां करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सुरक्षा, स्वास्थ्य, ट्रैफिक और सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाया जाए ताकि किसी भी श्रद्धालु को परेशानी न हो।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बैठक में राष्ट्रपति के प्रस्तावित अयोध्या और मथुरा दौरे को लेकर भी अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन महत्वपूर्ण कार्यक्रमों के मद्देनजर सुरक्षा, प्रोटोकॉल और व्यवस्थाओं का उच्च स्तर सुनिश्चित किया जाए तथा सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि प्रदेश में आने वाले सभी धार्मिक और प्रशासनिक कार्यक्रम शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हों, इसके लिए प्रशासन पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करे और किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए।
Comments
Post a Comment