स्मार्ट प्रीपेड मीटर को पोस्टपेड में बदलने के आदेश में संशोधन, उपभोक्ताओं को राहत
रिपोर्ट-मुस्तकीम मंसूरी
सिक्योरिटी धनराशि चार किस्तों में बिलों में जोड़ी जाएगी, जून 2026 से शुरू होगा समायोजन
लखनऊ। उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPPCL) ने स्मार्ट प्रीपेड मीटर को पोस्टपेड मीटर में परिवर्तित करने के आदेश में महत्वपूर्ण संशोधन किया है। प्रबंध निदेशक नितीश कुमार द्वारा जारी आदेश (दिनांक 07 मई 2026) के तहत उपभोक्ताओं को राहत देते हुए सिक्योरिटी धनराशि के समायोजन का तरीका बदला गया है।
यह संशोधन पहले जारी पत्रांक 297/2/नोस्मा-मी/प्रो/पाकालि/2026, दिनांक 06 मई 2026 के संदर्भ में किया गया है। संशोधित आदेश के अनुसार, पूर्व में प्रीपेड से पोस्टपेड में परिवर्तन के दौरान उपभोक्ताओं की जमा सिक्योरिटी धनराशि को बिल में समायोजित कर लिया गया था। अब इस समायोजित राशि को एकमुश्त लेने के बजाय चार समान किस्तों में उपभोक्ताओं के मासिक बिलों में जोड़ा जाएगा।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह प्रक्रिया जून 2026 (जुलाई 2026 में मिलने वाले बिल) से लागू होगी और इसके बाद लगातार तीन मासिक बिलों में शेष राशि जोड़ी जाएगी। यह पूरा कार्य आरएमएस (RMS) के माध्यम से स्वतः किया जाएगा, जिससे उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की अतिरिक्त प्रक्रिया से नहीं गुजरना पड़ेगा।
प्रबंधन ने यह भी स्पष्ट किया है कि मूल आदेश के अन्य सभी बिंदु यथावत रहेंगे। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि संशोधित आदेश के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इस निर्णय को उपभोक्ताओं के लिए राहत भरा कदम माना जा रहा है, क्योंकि अब उन्हें एकमुश्त भार नहीं उठाना पड़ेगा, बल्कि किस्तों में भुगतान करने की सुविधा मिलेगी।
Comments
Post a Comment