पालिका अध्यक्ष सबीला बेगम के नेतृत्व एवं अधिशासी अधिकारी (ईओ) के निर्देशन में आज सुबह जेई जल निगम व पालिका की संयुक्त टीम को मौके पर बुलाकर पाइपलाइन फिटिंग का कार्य शुरू कराया गया।
सरधना। नगर क्षेत्र में जनसमस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर नगर पालिका प्रशासन एक्शन मोड में नजर आया। पालिका अध्यक्ष सबीला बेगम के नेतृत्व एवं अधिशासी अधिकारी (ईओ) के निर्देशन में आज सुबह जेई जल निगम व पालिका की संयुक्त टीम को मौके पर बुलाकर पाइपलाइन फिटिंग का कार्य शुरू कराया गया। लंबे समय से लंबित इस कार्य को प्राथमिकता देते हुए तेजी से पूरा किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, बस्ती क्षेत्र में डाली गई पाइपलाइन का जॉइंट मुख्य सड़क की लाइन से किया जाना है, जिसके चलते पुलिया का निर्माण कार्य अस्थायी रूप से प्रभावित था। अधिकारियों की मौजूदगी में जॉइंट कार्य शुरू करा दिया गया है।
इसके साथ ही पालिका द्वारा क्षतिग्रस्त पुलिया का निर्माण कार्य भी प्रारंभ करा दिया गया है। वहीं पुलिस चौकी के पास स्थित पुलिया का निर्माण कार्य भी तेजी से कराया जा रहा है, जिससे क्षेत्रवासियों को आवागमन में हो रही परेशानी से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है।
पालिका अध्यक्ष सबीला बेगम ने कहा कि नगर की मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य समयबद्ध एवं गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
वहीं अधिशासी अधिकारी (ईओ) ने बताया कि “नगर में चल रहे विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। पाइपलाइन जॉइंट का कार्य तकनीकी रूप से आवश्यक था, इसलिए जॉइंट और पुलिया का कार्य एक साथ शुरू कराया गया है। हमारा प्रयास है कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में पूर्ण कर जनता को शीघ्र राहत दी जाए।”
स्थानीय लोगों ने प्रशासन की त्वरित कार्यवाही की सराहना करते हुए उम्मीद जताई है कि जल्द ही जलभराव व आवागमन की समस्या से पूरी तरह निजात मिलेगी।
Comments
Post a Comment