भीषण गर्मी से राहत दिलाने के लिए सपा नेता ने उठाई आवाज, ट्रैफिक सिग्नल बंद करने की मांग
रिपोर्ट-मुस्तकीम मंसूरी
दोपहर 1 बजे से 4 बजे तक सिग्नल बंद करने, चौराहों पर शामीयाना और शीतल जल की व्यवस्था कराने को लेकर एसपी ट्रैफिक को सौंपा ज्ञापन
बरेली। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच आम जनता को राहत दिलाने के लिए समाजवादी पार्टी के निवर्तमान जिला उपाध्यक्ष हैदर अली एवं साथियों ने पुलिस अधीक्षक (ट्रैफिक) बरेली को एक ज्ञापन सौंपकर महत्वपूर्ण मांगें उठाई हैं। ज्ञापन में शहर के प्रमुख ट्रैफिक चौराहों पर दोपहर के समय लोगों को धूप और लू से बचाने के लिए तत्काल व्यवस्था किए जाने की मांग की गई है।
ज्ञापन में कहा गया है कि इस समय गर्मी अपने चरम पर है और मौसम विभाग भी लगातार हीटवेव को लेकर एडवाइजरी जारी कर रहा है। ऐसे में बरेली शहर के विभिन्न चौराहों पर लगे ट्रैफिक सिग्नलों पर लोगों को लंबे समय तक तेज धूप में खड़ा रहना पड़ता है, जिससे बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और बीमार लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सपा नेता हैदर अली ने मांग की है कि दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे तक ट्रैफिक सिग्नल लाइटों को बंद रखा जाए, ताकि लोग 90-90 सेकंड तक धूप में खड़े रहने को मजबूर न हों। उन्होंने कहा कि यदि किसी कारणवश सिग्नल बंद करना संभव न हो तो चौराहों पर शामीयाना लगाकर लोगों को छांव उपलब्ध कराई जाए।
इसके साथ ही ज्ञापन में शहर के प्रमुख ट्रैफिक चौराहों पर शीतल पेयजल की व्यवस्था कराने की भी मांग की गई है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को गर्मी से राहत मिल सके और हीट स्ट्रोक जैसी घटनाओं से बचाव हो सके।
सपा नेताओं ने कहा कि प्रशासन को जनता की सुविधा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए इस दिशा में तत्काल कदम उठाने चाहिए। ज्ञापन सौंपने के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने भीषण गर्मी में आम लोगों की परेशानियों को गंभीर बताते हुए प्रशासन से मानवीय आधार पर निर्णय लेने की अपील की।
Comments
Post a Comment