हीट वेव से सतर्क रहें, स्वस्थ रहें और सुरक्षित रहें : डिप्टी सीएमओ डॉ. लईक अहमद अंसारी
रिपोर्ट-मुस्तकीम मंसूरी
बरेली। जनपद में लगातार बढ़ रहे तापमान और तेज धूप को देखते हुए डिप्टी सीएमओ डॉ. लईक अहमद अंसारी ने आमजन से हीट वेव और लू से बचाव के लिए विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी और गर्म हवाएं लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर डाल सकती हैं, इसलिए सभी लोग सतर्क रहें और स्वास्थ्य संबंधी निर्देशों का पालन करें।
डॉ. लईक अहमद अंसारी ने कहा कि हीट वेव ऐसी स्थिति होती है जब तापमान सामान्य से बहुत अधिक बढ़ जाता है और लगातार गर्म हवाएं चलती हैं। इस दौरान शरीर का तापमान नियंत्रित करने की क्षमता प्रभावित हो जाती है, जिससे हीट स्ट्रोक जैसी गंभीर समस्या हो सकती है।
उन्होंने बताया कि हीट स्ट्रोक के दौरान व्यक्ति को तेज सिर दर्द, चक्कर आना, अत्यधिक कमजोरी, उल्टी, सांस लेने में परेशानी, बेहोशी और शरीर का तापमान अचानक बढ़ने जैसी समस्याएं हो सकती हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत सतर्क होने की आवश्यकता है।
डिप्टी सीएमओ ने लोगों से अपील की कि दोपहर 11 बजे से शाम 4 बजे तक अनावश्यक रूप से धूप में बाहर निकलने से बचें। बाहर जाते समय सिर को कपड़े, टोपी या छाते से ढककर रखें और हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें। उन्होंने कहा कि शरीर में पानी की कमी न होने दें और लगातार पानी, ओआरएस, नींबू पानी, छाछ, लस्सी तथा नारियल पानी का सेवन करते रहें।
उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को हीट स्ट्रोक हो जाए तो उसे तुरंत छांव या ठंडी जगह पर ले जाएं, शरीर पर ठंडे पानी की पट्टियां रखें और ओआरएस या पानी पिलाएं। हालत गंभीर होने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल पहुंचाएं।
डॉ. लईक अहमद अंसारी ने कहा कि बच्चे, बुजुर्ग और पहले से बीमार लोग गर्मी के मौसम में विशेष सावधानी बरतें। थोड़ी सी लापरवाही गंभीर स्थिति पैदा कर सकती है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि गर्मी और लू को नजरअंदाज न करें तथा खुद भी सुरक्षित रहें और दूसरों को भी जागरूक करें।
“सावधानी और जागरूकता से ही हीट वेव के खतरे से बचा जा सकता है।” – डिप्टी सीएमओ डॉ. लईक अहमद अंसारी
Comments
Post a Comment