सीबीगंज पुलिस ने छात्रा हत्याकांड का किया खुलासा, मुठभेड़ में आरोपी गिरफ्तार



रिपोर्ट-मनोज गुप्ता 

प्रेम संबंध और शक बना हत्या की वजह, पुलिस ने 48 घंटे में सुलझाया सनसनीखेज मामला

बरेली। थाना सीबीगंज क्षेत्र में युवती की हत्या के मामले का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी युवती से विवाह करना चाहता था, लेकिन मोबाइल चैट और अन्य युवकों की तस्वीरें देखने के बाद उसे शक हुआ, जिसके चलते दोनों के बीच विवाद बढ़ गया और आरोपी ने युवती की दुपट्टे से गला दबाकर हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की है। आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, दिनांक 16 मई 2026 को थाना सीबीगंज क्षेत्र में दिल्ली-लखनऊ हाईवे से लगभग 300 मीटर दूर ग्राम खड़ा गौटिया के पास एक खाली खेत में युवती का शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी।
सूचना मिलते ही पुलिस और उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। जांच में मृतका की पहचान नीतू पुत्री सोनपाल सिंह गंगवार निवासी ग्राम मानपुर, थाना शेरगढ़, जनपद बरेली के रूप में हुई।
पोस्टमार्टम और प्रारंभिक जांच में युवती को की गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई, जिसके बाद थाना सीबीगंज में मुकदमा अपराध संख्या 207/2026 धारा 138/103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया। इलेक्ट्रॉनिक और मैनुअल साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई।
जांच के दौरान आरोपी की पहचान अशोक कुमार पुत्र सुनील निवासी लखीमपुर भैरा पोस्ट नेपिया मिलक थाना कैमरी जनपद रामपुर के रूप में हुई। आरोपी की उम्र लगभग 26 वर्ष बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक 17 मई 2026 की रात थाना सीबीगंज पुलिस दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल से रामपुर की ओर से हाईवे पर आने वाला है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने ट्यूलिया अंडरपास के पास घेराबंदी की। कुछ देर बाद संदिग्ध युवक बाइक से आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो आरोपी ने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से:
एक अवैध तमंचा .315 बोर
एक जिंदा कारतूस
एक खोखा कारतूस
बिना नंबर प्लेट की पल्सर मोटरसाइकिल
मृतका का पर्स
आधार कार्ड, वोटर आईडी कार्ड
एक काला चश्मा
डीएलएड द्वितीय सेमेस्टर के अंग्रेजी प्रश्नपत्र और मॉडल पेपर
बरामद किए हैं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 210/2026 धारा 109 बीएनएस एवं 3/25/27 आर्म्स एक्ट के तहत भी कार्रवाई की है।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह मृतका नीतू को पिछले लगभग छह वर्षों से जानता था। दोनों पहले एक ही विद्यालय में पढ़ चुके थे और लगातार बातचीत होती रहती थी।
आरोपी नीतू से विवाह करना चाहता था। डीएलएड परीक्षा के दौरान वह उसे परीक्षा केंद्र तक छोड़ने और लाने का काम भी करता था। इसी दौरान आरोपी ने युवती के मोबाइल में अन्य युवकों की फोटो और चैट देखीं, जिससे उसे शक और गुस्सा हुआ।
15 मई 2026 को परीक्षा समाप्त होने के बाद दोनों के बीच इसी बात को लेकर विवाद हुआ। पुलिस के अनुसार विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने गुस्से में आकर युवती के दुपट्टे से उसका गला कस दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी शव को खेत में छोड़कर फरार हो गया और परिजनों को गुमराह करने के लिए भ्रामक जानकारी देता रहा।
घटना के सफल खुलासे में थाना सीबीगंज पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार चतुर्वेदी, उपनिरीक्षक धर्मेंद्र कुमार गौतम, उपनिरीक्षक अखिल तिवतिया, उपनिरीक्षक राजवीर सिंह समेत कई पुलिसकर्मी शामिल रहे।
छात्रा की हत्या और उसके बाद हुए पुलिस एनकाउंटर ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। प्रेम संबंध, शक और हत्या की इस घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। वहीं पुलिस द्वारा 48 घंटे के भीतर मामले का खुलासा किए जाने की भी चर्चा हो रही है।

Comments

Popular posts from this blog

जमा-ए-अनवर पब्लिक स्कूल में प्ले ग्रुप से कक्षा 8वीं तक का परीक्षा फल वितरण हुआ रिपोर्ट कार्ड देखकर बच्चों के खिल उठे चेहरे*

बरेली शहर सीट पर सपा के ‘एजुकेशन आइकन’ मोहम्मद कलीमुद्दीन की दमदार दावेदारी, हजारों छात्रों को डॉक्टर-इंजीनियर बनाकर बनाई मजबूत पहचान

पुलिस ने उसके बाप व भाई का भी धारा 170 बी एन एस एस में चालान कर एसडीएम नगीना की न्यायालय में पेश किया गया। जहां से दोनों को जमानत नहीं मिलने पर बेकसूर बाप बेटे को जाना पड़ गया जेल।