कोकरोच” टिप्पणी से पैदा हुई डिजिटल राजनीति की नई लहर
रिपोर्ट-मुस्तकीम मंसूरी
सोशल मीडिया पर
छाया ‘कोकरोच जनता पार्टी’ का नाम, बेरोजगार युवाओं की नाराज़गी ने बनाया वायरल आंदोलन
नई दिल्ली।क्या केवल एक बयान किसी नए राजनीतिक आंदोलन को जन्म दे सकता है?
भारत की डिजिटल राजनीति में इन दिनों ऐसा ही एक अनोखा उदाहरण देखने को मिल रहा है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही “कोकरोच जनता पार्टी (CJP)” ने कुछ ही दिनों में लाखों युवाओं का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। यह कोई पारंपरिक राजनीतिक दल नहीं है, बल्कि इंटरनेट और सोशल मीडिया के जरिए उभरा एक व्यंग्यात्मक डिजिटल आंदोलन माना जा रहा है।
दरअसल, पूरा विवाद उस समय शुरू हुआ जब भारत के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत की एक अदालत में की गई टिप्पणी सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। कई मीडिया रिपोर्टों और वायरल वीडियो क्लिप्स में यह दावा किया गया कि बेरोजगार युवाओं की तुलना “कोकरोच” और “पैरासाइट” जैसे शब्दों से की गई। इसके बाद सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं शुरू हो गईं।
हालांकि बाद में मुख्य न्यायाधीश ने सफाई देते हुए कहा कि उनकी टिप्पणी को गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया। उनका कहना था कि उनका इशारा उन लोगों की ओर था जो फर्जी डिग्रियों और गलत तरीकों से पेशों में प्रवेश कर रहे हैं, न कि देश के सामान्य बेरोजगार युवाओं की ओर।
लेकिन तब तक सोशल मीडिया पर एक नया डिजिटल आंदोलन जन्म ले चुका था।
मजाक से शुरू हुई “कोकरोच जनता पार्टी”
बताया जा रहा है कि कुछ युवाओं ने विरोध और व्यंग्य के रूप में “कॉकरोच जनता पार्टी (CJP)” नाम से इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पेज शुरू किया। शुरुआत में इसे केवल मीम और डिजिटल व्यंग्य माना गया, लेकिन देखते ही देखते लाखों लोग इससे जुड़ने लगे।
इस डिजिटल प्लेटफॉर्म ने बेरोजगारी, प्रतियोगी परीक्षाओं, पेपर लीक, नौकरी संकट और युवाओं की नाराज़गी जैसे मुद्दों को मजाकिया लेकिन तीखे अंदाज में उठाना शुरू किया। सोशल मीडिया यूजर्स ने “मैं भी कोकरोच” जैसे ट्रेंड चलाकर अपनी नाराज़गी जाहिर की
बिना चुनाव, बिना रैली, फिर भी करोड़ों की चर्चा
सबसे दिलचस्प बात यह है कि इस तथाकथित डिजिटल पार्टी ने न कोई चुनाव लड़ा, न कोई रैली की, न पोस्टर-बैनर लगाए। इसके बावजूद कुछ ही दिनों में इसके सोशल मीडिया फॉलोअर्स की संख्या लाखों में पहुंच गई। कई रिपोर्टों में दावा किया गया है कि इंस्टाग्राम पर इसके फॉलोअर्स ने बड़े राजनीतिक दलों के सोशल मीडिया आंकड़ों को भी चुनौती दे दी।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह केवल एक मीम पेज या इंटरनेट ट्रेंड नहीं, बल्कि युवाओं की बढ़ती बेचैनी और व्यवस्था के प्रति असंतोष का प्रतीक बनता जा रहा है। डिजिटल दौर में अब नाराज़गी केवल सड़कों तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि सोशल मीडिया खुद एक राजनीतिक मंच बनता जा रहा है।
युवाओं की नाराज़गी या नई डिजिटल राजनीति?
विशेषज्ञों के अनुसार, “कोकरोच जनता पार्टी” का उभार यह दिखाता है कि आज की पीढ़ी अपनी बात कहने के लिए पारंपरिक राजनीति पर निर्भर नहीं है। मीम, व्यंग्य और वायरल कंटेंट अब राजनीतिक संवाद का नया माध्यम बन चुके हैं।
हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि यह आंदोलन आगे चलकर वास्तविक राजनीतिक संगठन का रूप लेगा या केवल सोशल मीडिया ट्रेंड बनकर रह जाएगा, लेकिन इतना जरूर है कि इसने देशभर में बेरोजगारी और युवाओं की भावनाओं पर नई बहस छेड़ दी है।
डिजिटल युग की राजनीति में शायद यह पहला बड़ा उदाहरण है, जहां एक अदालत की टिप्पणी ने इंटरनेट पर लाखों युवाओं को एक साझा प्रतीक के तहत जोड़ दिया।
Comments
Post a Comment