ब्लेस्ड चिल्ड्रन होम' में प्रतिभा और सेवा का संगम ,मेधावी छात्रों और समाजसेवियों को मिला सम्मान
शाहिद खान संवाददाता पीलीभीत*
पीलीभीत। जनपद के खकरा नदी के समीप स्थित 'ब्लेस्ड चिल्ड्रन होम' में आज 21 दिसंबर को एक ऐतिहासिक और प्रेरणादायक सम्मान समारोह संपन्न हुआ। यह आयोजन उन होनहारों के नाम रहा, जिन्होंने कठिन परिस्थितियों और अभावों के बीच न केवल अपनी शिक्षा जारी रखी, बल्कि अपनी मेहनत से सफलता की नई इबारत लिखी। समारोह में जिले के उन मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया जिन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं और स्कूल-कॉलेज स्तर पर जिले का मान बढ़ाया है।
समारोह के दौरान जिले के लगभग 25 टॉपर छात्र-छात्राओं को मंच पर पुरस्कृत किया गया। इन मेधावियों में मुख्य रूप से प्रियांशी मिश्रा, फरदान खान, मोहम्मद जावेद, फातिमा हामिद, काज़िमा यूनुस, ज़ुनैरा फातिमा, प्रियाल साहू, अभिजीत कुमार और केंद्रिका राज,अनुषा जिलानी शामिल रहे। इन बच्चों की सफलता इस मायने में खास है कि इन्होंने आर्थिक और सामाजिक बाधाओं को पीछे छोड़ते हुए अपनी मेधा का लोहा मनवाया है।
'ब्लेस्ड चिल्ड्रन होम' के संस्थापक मोहम्मद अफ़रोज़ ने इस अवसर पर बताया कि संस्था का मुख्य उद्देश्य ऐसे ही बच्चों को तलाशना है जिनके पास हुनर तो है, लेकिन संसाधनों की कमी के कारण वे पीछे रह जाते हैं। संस्था इन्हें मुफ्त कोचिंग, विशेषज्ञ मार्गदर्शन और प्रवेश परीक्षाओं की पूरी तैयारी करवाकर उनके सपनों को हकीकत में बदलने का काम कर रही है।
कार्यक्रम में केवल छात्रों को ही नहीं, बल्कि उन उदारमना लोगों को भी सम्मानित किया गया जो पर्दे के पीछे रहकर इस नेक मिशन को सफल बनाने में संस्था की मदद करते हैं। समाजसेवा के प्रति समर्पित लगभग 20 प्रमुख व्यक्तियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका आभार व्यक्त किया गया। सम्मानित होने वालों में मुख्य रूप से शकील उर रहमान, सलाहुद्दीन, जावेद कुरैशी, डॉ. नदीम, डॉ. बदरुल कमर और मोहम्मद हसन जैसे नाम शामिल रहे, जिन्होंने समय-समय पर संस्था को अपना सहयोग प्रदान किया
कार्यक्रम की शोभा जिले के कई दिग्गज हस्तियों ने बढ़ाई। मुख्य अतिथियों के रूप में जिले के प्रख्यात अधिवक्ता मुरली मनोहर अग्रवाल, राइस मिल एसोसिएशन के अध्यक्ष पंकज अग्रवाल, सब रजिस्ट्रार अब्दुल साकिब, अनिल महेंद्रू, लक्ष्मी कांत शर्मा, प्रेस क्लब अध्यक्ष अमिताभ अग्निहोत्री, एस.पी.एस. संधू और दुर्गा दास रजनी जैसे गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
अतिथियों ने अपने संबोधन में 'ब्लेस्ड चिल्ड्रन होम' के प्रयासों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि पीलीभीत के युवाओं में अपार क्षमता है, बस उन्हें सही दिशा और सहयोग की जरूरत है। वक्ताओं ने जोर दिया कि कोई भी बच्चा धन के अभाव में शिक्षा से वंचित न रहे, यह सुनिश्चित करना पूरे समाज की जिम्मेदारी है।
शिक्षा से सशक्तिकरण का संकल्प
समारोह के अंत में संस्था के प्रतिनिधि एम ए जिलानी ने अपना संकल्प दोहराया कि वे जिले के हर उस बच्चे की मदद के लिए खड़े हैं जो पढ़ना चाहता है। 'प्रेस क्लब अध्यक्ष अमिताभ अग्निहोत्री ने कहा ब्लेस्ड चिल्ड्रन होम' का यह प्रयास उन सभी बच्चों के लिए उम्मीद की एक किरण है, जो अपनी गरीबी को अपनी कमजोरी नहीं बल्कि अपनी ताकत बनाना चाहते हैं। आज का यह आयोजन केवल एक सम्मान समारोह नहीं, बल्कि पीलीभीत के उज्ज्वल भविष्य की एक झलक था।कार्यक्रम का संचालन फ़रमान मालिक ने किया कार्यक्रम में बच्चों के अलावा ज़िले के तमाम गणमान लोगों ने हिस्सा लिया
Comments
Post a Comment