सरधना में निःशुल्क चेस्ट एक्स-रे कैंप का शुभारंभ, टीबी मुक्त भारत अभियान को मिलेगी मजबूती
सरधना। टीबी जैसी गंभीर बीमारी की समय पर पहचान और रोकथाम के उद्देश्य से शनिवार को नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (UPHC) सरधना में निःशुल्क चेस्ट एक्स-रे कैंप का आयोजन किया गया। कैंप का शुभारंभ नगर पालिका परिषद सरधना की अध्यक्ष सबीला अंसारी एवं पूर्व पालिका अध्यक्ष निज़ाम अंसारी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए पालिका अध्यक्ष सबीला अंसारी ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान जनहित में बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में कैंप का लाभ उठाने तथा अपने आसपास के जरूरतमंद लोगों को भी जांच के लिए प्रेरित करने की अपील की।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार कैंप में विशेष रूप से टीबी के जोखिम वाले व्यक्तियों की जांच की जा रही है। इनमें 60 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्ग, बीड़ी, सिगरेट, तंबाकू अथवा शराब का सेवन करने वाले व्यक्ति, मधुमेह (ब्लड शुगर) के मरीज तथा पिछले तीन वर्षों में जिन परिवारों में टीबी के मरीज रहे हैं, उनके सभी सदस्य शामिल हैं। आशा कार्यकर्ताओं को अपने-अपने क्षेत्रों से अधिक से अधिक लाभार्थियों को कैंप तक लाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है, ताकि निर्धारित लक्ष्य को पूरा किया जा सके।
पूर्व पालिका अध्यक्ष निज़ाम अंसारी ने कहा कि टीबी एक ऐसी बीमारी है जिसकी समय पर पहचान और उपचार बेहद जरूरी है। सरकार द्वारा निःशुल्क जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, इसलिए लोगों को किसी भी प्रकार की झिझक छोड़कर जांच अवश्य करानी चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज और स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त प्रयासों से ही टीबी मुक्त भारत का सपना साकार हो सकेगा।
डॉ. सतेंद्र चौधरी ने बताया कि कैंप का उद्देश्य संभावित टीबी मरीजों की प्रारंभिक अवस्था में पहचान करना है, जिससे समय रहते उनका उपचार शुरू किया जा सके। उन्होंने कहा कि लगातार खांसी, वजन कम होना, बुखार या कमजोरी जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए और ऐसे व्यक्तियों को तुरंत जांच करानी चाहिए। उन्होंने लोगों से स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और नियमित जांच कराने की अपील की।
कैंप के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर एक्स-रे जांच कराई। इस मौके पर डॉ. आकर्ष मदान, डॉ. हितेश प्रताप सिंह, समाजसेवी शाहवेज अंसारी सहित स्वास्थ्य विभाग एवं नगर के लोग मौजूद रहे। सभी ने मिलकर लोगों को टीबी के प्रति जागरूक किया तथा कैंप का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
Comments
Post a Comment