कैंट में शुरू हुआ ‘होर्डिंग वार’: संजीव सक्सेना ने विधायक से मांगा हिसाब, कहा- सरकारी पैसा आया फिर भी जनता बेहाल क्यों?
रिपोर्ट:मुस्तकीम मंसूरी
सुभाष नगर पुलिया, श्मशान पुल और जनसमस्याओं को लेकर सपा नेता का हमला, बोले- विधायक मस्त, जनता त्रस्त; अब चलेगा पोल-खोल आंदोलन
"जनता पूछ रही है हिसाब, अब नहीं चलेगा सिर्फ जवाब"
"विधायक मस्त, जनता त्रस्त – कैंट में बदलाव की दस्तक"
बरेली, 09 जून।
बरेली कैंट विधानसभा की राजनीति में चुनाव से पहले माहौल गर्माने लगा है। समाजवादी पार्टी के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं कैंट विधानसभा से प्रबल दावेदार संजीव कुमार सक्सेना ने क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर वर्तमान विधायक के खिलाफ खुला मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को कैंट क्षेत्र में लगाए गए बड़े-बड़े होर्डिंगों के माध्यम से उन्होंने जनता की ओर से विधायक से जवाब मांगा और क्षेत्र के विकास कार्यों पर कई गंभीर सवाल खड़े किए।
संजीव कुमार सक्सेना ने होर्डिंगों के माध्यम से पूछा कि जब सरकार द्वारा विकास के लिए लगातार बजट और धनराशि उपलब्ध कराई जा रही है तो फिर कैंट विधानसभा की जनता आज भी मूलभूत समस्याओं से क्यों जूझ रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्षेत्र में समस्याओं का अंबार लगा हुआ है, लेकिन समाधान कहीं दिखाई नहीं देता। जनता परेशान है और जनप्रतिनिधि इन समस्याओं से अनजान बने हुए हैं।
सपा नेता ने अपने संदेश में लिखा कि "विधायक जी, काम नहीं सिर्फ वादे हैं आपके, आखिर क्या इरादे हैं आपके?" उन्होंने आरोप लगाया कि बढ़ती महंगाई, खराब सड़कें, अधूरे विकास कार्य और जनसुविधाओं की कमी से आम जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है। क्षेत्र की जनता को उम्मीद थी कि उनके मुद्दों का समाधान होगा, लेकिन आज हालात पहले से अधिक खराब दिखाई दे रहे हैं।
संजीव कुमार सक्सेना ने विशेष रूप से सुभाष नगर पुलिया और श्मशान घाट के पुल का मुद्दा उठाते हुए कहा कि वर्षों से जनता इन महत्वपूर्ण परियोजनाओं के पूरे होने का इंतजार कर रही है, लेकिन आज तक ये कार्य अधूरे पड़े हैं। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा न होने से हजारों लोगों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक राजनीतिक अभियान नहीं बल्कि जन-जागरण का आंदोलन है। आने वाले दिनों में कैंट विधानसभा में "पोल-खोल आंदोलन" चलाया जाएगा, जिसके माध्यम से क्षेत्र की हर समस्या और विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति जनता के सामने लाई जाएगी।
संजीव कुमार सक्सेना ने कहा कि कैंट विधानसभा की जनता अब बदलाव चाहती है। जनता ऐसा विधायक चाहती है जो उनके बीच रहे, उनकी समस्याओं को सुने और उनके समाधान के लिए संघर्ष करे, न कि जनता से दूर रहकर केवल राजनीतिक बयानबाजी करता रहे।
उन्होंने कहा, "हम जनता की आवाज बनकर लगातार संघर्ष करते रहेंगे। कैंट विधानसभा के हर नागरिक के अधिकार और विकास के लिए हमारी लड़ाई जारी रहेगी। जनता अब जवाब चाहती है और आने वाले समय में उसे जवाब मिलकर रहेगा।"
कैंट विधानसभा में शुरू हुआ यह होर्डिंग वार आगामी चुनावी राजनीति का संकेत माना जा रहा है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि संजीव कुमार सक्सेना द्वारा उठाए गए मुद्दे आने वाले दिनों में कैंट की राजनीति का प्रमुख केंद्र बन सकते हैं।
"जनता पूछ रही है हिसाब, अब नहीं चलेगा सिर्फ जवाब"
"विधायक मस्त, जनता त्रस्त – कैंट में बदलाव की दस्तक"
Comments
Post a Comment