बिजली कटौती पर सख्त हुआ ऊर्जा विभाग, शक्ति भवन में UPPCL अध्यक्ष डॉ. आशीष कुमार गोयल ने की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक



रिपोर्ट-फिरदौस वारसी 

लगातार ट्रिपिंग और बिजली आपूर्ति बाधित होने पर अधिकारियों को चेतावनी, जनता को निर्बाध बिजली उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता

लखनऊ। प्रदेश के विभिन्न जिलों में लगातार हो रही बिजली कटौती, ट्रिपिंग और आपूर्ति व्यवस्था में आ रही समस्याओं को लेकर उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPPCL) मुख्यालय शक्ति भवन, लखनऊ में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता UPPCL के अध्यक्ष डॉ. आशीष कुमार गोयल ने की। इस दौरान UPPCL के प्रबंध निदेशक (MD) नितीश कुमार सहित बिजली विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में प्रदेश के विभिन्न जनपदों में विद्युत आपूर्ति की वर्तमान स्थिति, राजस्व वसूली, ट्रांसफार्मर खराब होने की घटनाएं, लाइन ट्रिपिंग तथा उपभोक्ताओं को होने वाली परेशानियों की विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि प्रदेश में कहीं भी अनावश्यक बिजली कटौती न हो तथा उपभोक्ताओं को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
डॉ. आशीष कुमार गोयल ने कहा कि हाल के दिनों में कई जिलों से बिजली आपूर्ति बाधित होने और लगातार ट्रिपिंग की शिकायतें प्राप्त हुई हैं। इन समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जनता को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि जहां-जहां तकनीकी खामियों के कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित हो रही है, वहां त्वरित कार्रवाई करते हुए समस्याओं का स्थायी समाधान किया जाए। साथ ही फील्ड स्तर के अधिकारियों को नियमित निगरानी रखने और शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के कई जिलों में बिजली कटौती के खिलाफ हो रहे विरोध प्रदर्शनों का भी बैठक में संज्ञान लिया गया। अध्यक्ष ने कहा कि उपभोक्ताओं की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाए और किसी भी क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति बाधित होने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
बैठक के अंत में डॉ. आशीष कुमार गोयल ने दोहराया कि प्रदेशवासियों को निर्बाध, सुचारु एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराना UPPCL की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी अधिकारियों को पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।

Comments

Popular posts from this blog

जमा-ए-अनवर पब्लिक स्कूल में प्ले ग्रुप से कक्षा 8वीं तक का परीक्षा फल वितरण हुआ रिपोर्ट कार्ड देखकर बच्चों के खिल उठे चेहरे*

बरेली शहर सीट पर सपा के ‘एजुकेशन आइकन’ मोहम्मद कलीमुद्दीन की दमदार दावेदारी, हजारों छात्रों को डॉक्टर-इंजीनियर बनाकर बनाई मजबूत पहचान

पुलिस ने उसके बाप व भाई का भी धारा 170 बी एन एस एस में चालान कर एसडीएम नगीना की न्यायालय में पेश किया गया। जहां से दोनों को जमानत नहीं मिलने पर बेकसूर बाप बेटे को जाना पड़ गया जेल।