एस.एन. इंटर कॉलेज में ‘शक्ति मंच’ का गठन, छात्राओं को आत्मरक्षा प्रशिक्षण*
शाहिद खान संवाददाता पीलीभीत*
पीलीभीत, 27 सितम्बर।
एस.एन. इंटर कॉलेज, पीलीभीत में आज मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत ‘शक्ति मंच’ का गठन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन प्रधानाचार्य डॉ. जावेद अहमद के कुशल निर्देशन एवं मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ। कॉलेज की विभिन्न कक्षाओं की छात्राओं को इस मंच में पदाधिकारी एवं सदस्य के रूप में सम्मिलित किया गया, जिससे वे विद्यालय स्तर पर छात्राओं की समस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभा सकें।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को स्वावलंबन एवं आत्मसम्मान के महत्व पर जागरूक किया गया। साथ ही उन्हें महिला हेल्पलाइन नंबर (1090), चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर (1098), पुलिस हेल्पलाइन नंबर (112) तथा एंटी रोमियो स्क्वाड की कार्यप्रणाली की जानकारी भी प्रदान की गई। यह जानकारी छात्राओं को न केवल सतर्क और सजग बनाएगी बल्कि उन्हें अपने अधिकारों और सुरक्षा के प्रति अधिक जागरूक भी करेगी। विशेष आकर्षण के रूप में छात्राओं को आत्मरक्षा प्रशिक्षण भी दिया गया। इसमें ताइक्वांडो और बॉक्सिंग की मूलभूत तकनीकों का अभ्यास कराया गया। यह प्रशिक्षण शिक्षक श्री यासीन अहमद खाँ एवं डॉ. तसलीम हसन खाँ द्वारा दिया गया। प्रशिक्षकों ने छात्राओं को समझाया कि आत्मरक्षा केवल शारीरिक सुरक्षा का माध्यम ही नहीं, बल्कि आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर कॉलेज का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा और कार्यक्रम की सराहना की। सभी ने एक स्वर से कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ छात्राओं में आत्मबल बढ़ाने और समाज में उनकी सशक्त भागीदारी सुनिश्चित करने में सहायक सिद्ध होंगी।
Comments
Post a Comment