स्वस्थ नारी – सशक्त परिवार अभियान के तहत जनहित एव स्वस्थ सेवा समिति द्वारा महिलाओं की बड़ी बैठक आयोजित
सरधना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा चलाई जा रही “स्वस्थ नारी – सशक्त परिवार योजना” के अंतर्गत शनिवार को जनहित एव स्वस्थ सेवा समिति सरधना में एक विशाल महिला बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में विशेष रूप से अल्पसंख्यक वर्ग की महिलाओं की भारी भागीदारी देखने को मिली।
बैठक का शुभारम्भ नगर पालिका चेयरपर्सन श्रीमती सबीला अंसारी ने किया। उन्होंने कहा कि आज के समय में महिलाओं का स्वास्थ्य सिर्फ उनके लिए ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज के लिए महत्वपूर्ण है। एक स्वस्थ महिला ही अपने परिवार को मजबूत और सशक्त बना सकती है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्रम विभाग से श्री शशिकांत पांडे एवं स्वास्थ्य विभाग प्रभारी श्री संदीप गौतम मौजूद रहे।
साथ ही वरिष्ठ समाजसेवी शाहवेज़ अंसारी ने भी बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें महिलाओं के स्वास्थ्य एवं उत्थान के लिए कई योजनाएं चला रही हैं, जिनका लाभ समाज की प्रत्येक पात्र महिला तक पहुँचना चाहिए।
इस बड़े आयोजन का संचालन जनहित एवं स्वास्थ्य समिति के अध्यक्ष मिर्ज़ा इस्माइल द्वारा किया गया। उन्होंने कहा कि इस बैठक का उद्देश्य महिलाओं को स्वास्थ्य और सरकारी योजनाओं की जानकारी देना है ताकि वे अपने अधिकारों और सुविधाओं का लाभ उठा सकें।
कार्यक्रम में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम भी मौजूद रही।
डॉ. इदरीश, इकराम अंसारी, अनीश कुरैशी, डॉ. शारुख एवं डॉ. निर्दोष, विनोद कुमार, सचिन त्यागी, आकाश ने महिलाओं को विभिन्न बीमारियों की रोकथाम, पोषण संबंधी जानकारी, स्वच्छता और नियमित स्वास्थ्य जांच की अहमियत पर प्रकाश डाला।
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि प्रधानमंत्री की इस योजना के तहत महिलाओं को निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, परामर्श एवं दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं। साथ ही, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से जुड़ी कई सरकारी योजनाओं को भी विस्तार से समझाया गया।
सैकड़ों की संख्या में पहुंची महिलाओं ने बड़ी रुचि से कार्यक्रम में भाग लिया और सरकार की इन योजनाओं को अपने परिवार और समाज तक पहुँचाने का संकल्प लिया।
वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि “स्वस्थ नारी ही सशक्त परिवार की नींव है”।
इसलिए महिलाओं को जागरूक करना और उन्हें समय-समय पर स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ना समाज और देश के लिए सबसे बड़ा निवेश है।
Comments
Post a Comment