बसपा में संगठनात्मक बदलाव: मंडलीय व्यवस्था समाप्त, अब जोनल प्रणाली लागू
रिपोर्ट-मुस्तकीम मंसूरी
लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने संगठनात्मक ढांचे में बड़ा बदलाव करते हुए मंडलीय व्यवस्था को समाप्त कर अब जोनल प्रणाली लागू कर दी है। पार्टी ने प्रदेश में बेहतर संगठनात्मक तालमेल और जिम्मेदारियों के स्पष्ट बंटवारे के उद्देश्य से यह निर्णय लिया है।
बसपा सुप्रीमो मायावती के निर्देश पर अब हर दो मंडलों को मिलाकर एक जोन बनाया गया है। इस तरह उत्तर प्रदेश को कुल 9 जोनों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन में पार्टी की गतिविधियों, संगठन विस्तार और अनुशासन की जिम्मेदारी तय की गई है ताकि कार्यकर्ताओं तक नेतृत्व की बात सीधे और प्रभावी ढंग से पहुंच सके।
सूत्रों के अनुसार, हर जोन के लिए दो प्रभारी नियुक्त किए गए हैं, जिनमें से एक को मुख्य प्रभारी और दूसरे को सहायक प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। इन प्रभारियों का काम अपने-अपने जोनों में संगठन को मजबूत करना, नए सदस्यों को जोड़ना और स्थानीय स्तर की समस्याओं पर पार्टी नेतृत्व को नियमित फीडबैक देना होगा।
पार्टी सूत्रों का कहना है कि यह नई जोनल व्यवस्था आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए बनाई गई है, ताकि जमीनी स्तर तक पार्टी की पकड़ और सक्रियता बढ़ाई जा सके। बसपा संगठन का मानना है कि इस व्यवस्था से निर्णय प्रक्रिया तेज़ होगी और कार्यकर्ताओं में जवाबदेही भी बढ़ेगी।
Comments
Post a Comment