मंडल रेल प्रबंधक, लखनऊ द्वारा लखनऊ–सुलतानपुर–जफराबाद रेल खंड का विस्तृत निरीक्षण
रिपोर्ट-मुस्तकीम मंसूरी
लखनऊ, यात्रियों को सुरक्षित, संरक्षित एवं उन्नत रेल सुविधाएँ उपलब्ध कराने तथा रेल परिचालन एवं संरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा के उद्देश्य से मंडल रेल प्रबंधक, उत्तर रेलवे, लखनऊ, श्री सुनील कुमार वर्मा द्वारा आज दिनांक 18 दिसंबर 2025 को लखनऊ–सुलतानपुर–जफराबाद रेल खंड का विस्तृत निरीक्षण किया गया।
अपने निरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत मंडल रेल प्रबंधक द्वारा लखनऊ से विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण करते हुए जफराबाद रेलवे स्टेशन पर आगमन हुआ । जफराबाद स्टेशन पर उन्होंने स्टेशन के प्रवेश एवं निकास द्वार, स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, स्वच्छता व्यवस्था तथा उपलब्ध यात्री सुविधाओं का सूक्ष्म निरीक्षण किया। इसके पश्चात मंडल रेल प्रबंधक द्वारा रेलवे कॉलोनी का भी निरीक्षण किया गया, जहाँ उन्होंने कॉलोनी में निवासरत रेल कर्मचारियों एवं उनके परिजनों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को सुना। इसके उपरांत जफराबाद–सुलतानपुर रेल मार्ग पर कृष्णा नगर एवं हरपालगंज स्टेशनों के मध्य स्थित पुल संख्या-18 , 29-C , 68-SPL लेवल क्रॉसिंग तथा एलएचएस (LHS) पर संरक्षा एवं सुरक्षा मानकों की विस्तार से निरीक्षण व समीक्षा की गई l
इसके पश्चात उन्होंने सुल्तानपुर स्टेशन पर निरीक्षण के दौरान लोको पायलट एवं गार्ड रनिंग रूम , स्टेशन परिसर, सर्कुलेटिंग एरिया, प्रतीक्षालय, प्लेटफार्म, शौचालय, पेयजल व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, टिकटिंग प्रणाली एवं यात्री सूचना प्रणाली का गहन अवलोकन किया। यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधारात्मक कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। मंडल रेल प्रबंधक ने स्टेशन पर स्वच्छता बनाए रखने, भीड़ प्रबंधन को सुदृढ़ करने तथा यात्री सुविधाओं के उन्नयन पर विशेष बल दिया।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि “उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल यात्रियों को सुरक्षित, समयबद्ध एवं सुविधाजनक रेल सेवाएँ उपलब्ध कराने हेतु निरंतर प्रतिबद्ध है। इस प्रकार के नियमित निरीक्षणों से न केवल व्यवस्थाओं का आकलन होता है, बल्कि सुधारात्मक कार्यों को भी गति मिलती है।”इस निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक-1 श्री शूरवीर सिंह सहित मंडल के अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण भी उपस्थित रहे। यह निरीक्षण देर शाम तक जारी रहा l
(कुलदीप तिवारी)
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक
उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल
Comments
Post a Comment