प्रधानमंत्री मोदी के लखनऊ दौरे से पहले मुख्यमंत्री योगी ने की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक — अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
रिपोर्ट-मुस्तकीम मंसूरी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी लखनऊ दौरे की तैयारियों को लेकर शनिवार को अपने सरकारी आवास 5 कालिदास मार्ग पर एक उच्च स्तरीय बैठक की। बैठक में मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की और अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री के आगमन के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या कमी न रहे।
बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि लखनऊ में प्रधानमंत्री का दौरा प्रदेश के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस अवसर पर होने वाले कार्यक्रमों से राज्य की छवि और विकास दोनों को नया आयाम मिलेगा। उन्होंने प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक रूट प्लान, पार्किंग व्यवस्था, दर्शक दीर्घा की तैयारियां और आम जनता की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
सीएम योगी ने आयोजन स्थल की व्यवस्थाओं का बिंदुवार विवरण मांगा और आवश्यक सुधारों के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें ताकि प्रधानमंत्री के लखनऊ आगमन के दौरान कोई असुविधा न हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि लखनऊ देश और प्रदेश की राजधानी होने के नाते यह दौरा गौरव और जिम्मेदारी दोनों का प्रतीक है, इसलिए हर स्तर पर सूक्ष्म तैयारी की जरूरत है।
बैठक में मुख्य सचिव, अपर मुख्य सचिव गृह, पुलिस महानिदेशक, लखनऊ मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, पुलिस आयुक्त सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने इस दौरे में राजधानी लखनऊ में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे, जिसमें विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और कई नई योजनाओं का शिलान्यास भी किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने अंत में कहा कि प्रधानमंत्री की उपस्थिति प्रदेश के विकास के प्रति केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक है, और इस अवसर को यादगार व सफल बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जानी चाहिए।
Comments
Post a Comment