स्वच्छता का संदेश लेकर आसमान में लहराईं पतंगें,नगर पालिका परिषद पीलीभीत का स्वच्छता जागरूकता पतंग उत्सव बना जनआंदोलन*
शाहिद खान संवाददाता पीलीभीत*
पीलीभीत।
नगर पालिका परिषद, द्वारा स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत जनसामान्य को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मंगलवार को अशोक कॉलोनी ग्राउंड में “स्वच्छता जागरूकता पतंग उत्सव 2026” का भव्य एवं रंगारंग आयोजन किया गया। सुबह 11 बजे से आरंभ हुए इस उत्सव में शहर के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, महिलाएं, पुरुष एवं बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। पूरा मैदान रंग-बिरंगी पतंगों और स्वच्छता से जुड़े प्रेरक संदेशों से जीवंत नजर आया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक/पुलिस अधीक्षक पीलीभीत अभिषेक यादव द्वारा संयुक्त रूप से पतंग उड़ाकर किया गया। उद्घाटन अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए अतिथियों ने स्वच्छता को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया और कहा कि इस प्रकार के रचनात्मक आयोजनों से बच्चों और आम नागरिकों में सकारात्मक सोच विकसित होती है।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट विजयवर्धन तोमर, कोतवाली सिटी प्रभारी दीपक चतुर्वेदी, पीसीयू सभापति सुरेश गंगवार, भाजपा नगर अध्यक्ष इंद्रेश चौहान, नगर पालिका के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर संजय अग्रवाल एवं अमृत लाल, तथा बेसिक शिक्षा अधिकारी रोशनी सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों ने विद्यालयों द्वारा तैयार की गई पतंगों की सराहना करते हुए छात्रों के प्रयासों को प्रेरणादायक बताया।
पतंग उत्सव के अंतर्गत विभिन्न विद्यालयों के बीच स्वच्छता संदेश युक्त पतंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में छात्रों ने “स्वच्छ शहर – स्वस्थ जीवन”, “कचरा डस्टबिन में डालें”, “स्वच्छता अपनाएं, बीमारी भगाएं” जैसे संदेशों के माध्यम से स्वच्छता का प्रभावी संदेश दिया। प्रतियोगिता में ज्ञान इंटरनेशनल स्कूल के छात्र अक्षत शुक्ला ने प्रथम स्थान, कंपोजिट विद्यालय की छात्रा छवि ने द्वितीय स्थान तथा बैनर पब्लिक स्कूल की आराध्या ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता का निर्णय स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर लक्ष्मीकांत शर्मा एवं मेघा अग्रवाल द्वारा किया गया। वहीं बेन हर गुरुकुल विद्यालय के बच्चों द्वारा बनाई गई विशेष एवं आकर्षक स्वच्छता संदेश युक्त पतंग को विशेष पुरस्कार प्रदान किया गया।
कार्यक्रम का सफल एवं सुसंगठित संचालन सभासद साकेत सक्सेना द्वारा किया गया। आयोजन को सफल बनाने में सभासद वतन दीप मिश्रा, निर्मल सिंह टीटू, विपिन कुमार, राजू फौजी, विपिन त्यागी, राशिद हुसैन,अवतार सिंह मोनू, विपिन मिश्रा, पंकज तिवारी का विशेष योगदान रहा।
समापन अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल ने कहा कि नगर पालिका परिषद पीलीभीत द्वारा स्वच्छता को लेकर निरंतर जनजागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों की सक्रिय सहभागिता से समाज में स्थायी परिवर्तन संभव है। डॉ. अग्रवाल ने कार्यक्रम में सहयोग देने वाले सभी विद्यालयों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं शहरवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
Comments
Post a Comment