डॉक्टर लईक अहमद अंसारी को आईएमए उत्तर प्रदेश की राज्य कार्यकारिणी बैठक में मिला विशेष आमंत्रण
रिपोर्ट-मुस्तकीम मंसूरी
देवरिया में 22 जनवरी को होगी बैठक, चिकित्सा व्यवस्था व संगठनात्मक रणनीति पर होगा मंथन
बरेली। जनपद बरेली के वरिष्ठ चिकित्सक एवं डिप्टी सीएमओ डॉ. लईक अहमद अंसारी को इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) उत्तर प्रदेश राज्य इकाई की वर्ष 2025–26 की पहली राज्य कार्यकारिणी समिति बैठक में स्पेशल इनवाइटेड मेंबर के रूप में आमंत्रित किया गया है।
यह बैठक आगामी 22 जनवरी 2026 को होटल पार्थ रेजिडेंसी, कसिया रोड, देवरिया में आयोजित की जाएगी।
आईएमए उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष डॉक्टर राजीव गोयल की संस्तुति पर यह नामांकन किया गया है।
आईएमए की ओर से जारी आधिकारिक पत्र में स्पष्ट किया गया है कि स्पेशल इनवाइटेड सदस्य बैठक में सहभागी तो होंगे, किंतु उन्हें किसी भी प्रकार का मतदान अधिकार प्राप्त नहीं होगा।
डॉक्टर लईक अहमद अंसारी का चयन संगठन में उनके सक्रिय योगदान, चिकित्सकीय सेवाओं में उल्लेखनीय भूमिका और सामाजिक सरोकारों में निरंतर सहभागिता को देखते हुए किया गया है।
आईएमए से जुड़े चिकित्सकों और बरेली के मेडिकल समुदाय में उनके इस नामांकन को लेकर गौरव और उत्साह का माहौल है। स्थानीय चिकित्सकों ने इसे जिले के लिए सम्मानजनक उपलब्धि बताया है।
बैठक के दौरान प्रदेश की चिकित्सा व्यवस्था, संगठनात्मक गतिविधियों, चिकित्सकों की समस्याओं, और भविष्य की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। यह बैठक आईएमए उत्तर प्रदेश की आगामी कार्ययोजनाओं के लिए नीति निर्धारण के दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
कार्यक्रम की आवास एवं आतिथ्य व्यवस्था की जिम्मेदारी डॉक्टर अनिरुद्ध सिंह (अध्यक्ष) और डॉक्टर विपिन बिहारी शुक्ला (आयोजन सचिव) को सौंपी गई है। आईएमए ब्रांच देवरिया के पदाधिकारी आयोजन की तैयारियों में जुटे हुए हैं।
सभी आमंत्रित सदस्यों से यात्रा विवरण शीघ्र साझा करने का अनुरोध भी किया गया है।
Comments
Post a Comment