दूषित पानी के मुद्दे पर 'हरियाली संरक्षण ट्रस्ट' और 'भाकियू आजाद' ने दिया एसडीएम को ज्ञापन.
सरधना (मेरठ): नगर में दूषित पेयजल की गंभीर समस्या को लेकर आज सामाजिक एवं हरियाली संरक्षण ट्रस्ट के अध्यक्ष रिहान मलिक और भारतीय किसान यूनियन (आजाद) के वरिष्ठ नेता हनीफ राणा ने संयुक्त रूप से मोर्चा खोला। दोनों संगठनों के प्रमुखों ने एक साथ उपजिलाधिकारी (एसडीएम) सरधना को ज्ञापन सौंपकर अवगत कराया कि नगर की जल आपूर्ति पूरी तरह प्रदूषित हो चुकी है, जिससे जनता के स्वास्थ्य पर भारी संकट मंडरा रहा है। ज्ञापन में स्पष्ट किया गया कि पिछले एक साल से इस समस्या पर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया जा रहा है, लेकिन सुधार न होने के कारण आज सैकड़ों बच्चे हेपेटाइटिस-ए, निमोनिया और पेट की गंभीर बीमारियों की चपेट में हैं।
इस दौरान दानिश ने भी प्रशासन के समक्ष मजबूती से अपनी बात रखते हुए कहा कि यदि जल्द ही जल शोधन की व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई, तो जनता का आक्रोश सड़कों पर उतरेगा। रिहान मलिक और हनीफ राणा ने संयुक्त बयान में कहा कि यह लड़ाई अब आम नागरिक के जीवन से जुड़ी है और दोनों संगठन कंधे से कंधा मिलाकर इस जनहित के मुद्दे को अंजाम तक पहुंचाएंगे। मौके पर अंकित शर्मा, सुखबीर, सोनू, ललित, जोकत मलिक और जाहिद कुरैशी सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Comments
Post a Comment