बकरा ईद को लेकर सरधना नगर पालिका अलर्ट मोड पर, 24 घंटे सफाई व पानी व्यवस्था के लिए विशेष ड्यूटी लगाई गई।


सरधना। आगामी ईद-उल-अजहा (बकरा ईद) के त्योहार को शांतिपूर्ण, स्वच्छ एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए नगर पालिका परिषद सरधना पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। पालिका प्रशासन द्वारा विशेष सफाई अभियान चलाते हुए नगर के अलग-अलग क्षेत्रों में 24 घंटे कर्मचारियों, ट्रैक्टर-ट्रॉली, जेसीबी मशीनों एवं पानी के टैंकरों की ड्यूटी लगाई गई है। पालिका द्वारा जारी कार्यालय आदेश के अनुसार कुर्बानी के बाद निकलने वाले अवशेषों के तत्काल उठान एवं निस्तारण के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है। नगर के प्रमुख क्षेत्रों ईदगाह रोड, तहसील रोड, दौराला रोड, मेरठ रोड, जुल्हेडा रोड समेत विभिन्न वार्डों में सफाई कर्मचारियों को तैनात किया गया है ताकि कहीं भी गंदगी या अवशेष खुले में न पड़े रहें।
पालिका प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए कहा है कि कुर्बानी के अवशेष खुले में न डालें। अवशेषों को कट्टे, पिन्नी या बंद थैलियों में सुरक्षित रखें और पालिका की ट्रॉली या गाड़ी आने पर ही उसमें डालें। यदि वाहन पहुंचने में कुछ समय लगे तो धैर्य बनाए रखें, लेकिन अवशेषों को सड़कों, नालियों या खाली स्थानों पर न फेंकें।
त्योहार के दौरान स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए नगर के विभिन्न क्षेत्रों में चूना छिड़काव, सैनिटाइजेशन एवं नियमित सफाई कार्य भी कराया जाएगा। इसके साथ ही नगर में 24 घंटे पेयजल आपूर्ति सुचारू रूप से जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
नगरवासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए नगर पालिका परिसर में विशेष कंट्रोल यूनिट भी स्थापित कर दी गई है। कंट्रोल रूम में सुबह 6 बजे से दोपहर 1 बजे तक श्री मनोज कुमार (लिपिक) अपनी सेवाएं देंगे, जिनसे मोबाइल नंबर 8630768775 पर संपर्क किया जा सकता है। वहीं दोपहर 1 बजे से शाम 7 बजे तक श्री विपिन कुमार शर्मा (वरिष्ठ लिपिक) उनका संपर्क नंबर 9927334412 है। कंट्रोल रूम में मौजूद रहकर शिकायतों एवं समस्याओं का निस्तारण कराएंगे। 
इसके अतिरिक्त किसी भी प्रकार की समस्या, सफाई व्यवस्था में देरी, पानी की समस्या अथवा अन्य शिकायत होने पर नागरिक तत्काल पालिका सफाई प्रभारियों से संपर्क कर सकते हैं , मुनेश कुमार — 9837634845
सोहनवीर सिंह 9319251370
साथ ही पालिका अध्यक्षा एवं अधिशासी अधिकारी को भी लगातार समस्याओं से अवगत कराया जा सकता है ताकि त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
पालिका अध्यक्ष सबीला अंसारी ने कहा कि ईद-उल-अजहा के त्योहार को लेकर नगर पालिका द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। नगर की साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था एवं कुर्बानी के अवशेषों के तत्काल निस्तारण के लिए विशेष टीमें बनाई गई हैं। उन्होंने नगरवासियों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें और अवशेष खुले में न डालें। नगर को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाए रखने में पालिका प्रशासन का सहयोग करें ताकि त्योहार भाईचारे और बेहतर वातावरण में सम्पन्न हो सके।
वहीं अधिशासी अधिकारी दीपिका शुक्ला ने बताया कि बकरा ईद को लेकर नगर पालिका पूरी तरह सतर्क है और 24 घंटे कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। नगर के विभिन्न क्षेत्रों में सफाई कर्मचारियों, ट्रैक्टर-ट्रॉली एवं पानी के टैंकरों की व्यवस्था की गई है। साथ ही पालिका परिसर में कंट्रोल यूनिट भी स्थापित की गई है, जहां अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित की गई है। उन्होंने कहा कि किसी भी समस्या की सूचना मिलते ही तत्काल समाधान कराया जाएगा तथा नगरवासियों से अपील की कि वे स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
पालिका प्रशासन ने सभी नगरवासियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि नगर को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। सभी नागरिक प्रशासन का सहयोग करें और ईद-उल-अजहा का त्योहार भाईचारे, स्वच्छता एवं जिम्मेदारी के साथ मनाएं।

Comments