सरधना सीएचसी की समस्याओं को लेकर चेयरपर्सन पुत्र शाहवेज अंसारी ने सीएमओ से की मुलाकात
सरधना। नगर की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने की मांग को लेकर चेयरपर्सन पुत्र शाहवेज अंसारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक कटारिया से मुलाकात कर सरधना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) की विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में लंबे समय से चली आ रही व्यवस्थागत कमियों को जल्द दूर कराने की मांग की।
शाहवेज अंसारी ने सीएमओ को बताया कि सीएचसी पर डेंटिस्ट चेयर तो उपलब्ध है, लेकिन आवश्यक उपकरणों की कमी के कारण वह कई महीनों से शोपीस बनकर पड़ी हुई है। उन्होंने तत्काल सभी जरूरी उपकरण उपलब्ध कराकर दंत चिकित्सा सेवाएं शुरू कराने की मांग की, ताकि क्षेत्रवासियों को निजी अस्पतालों के चक्कर न लगाने पड़ें।
इसके अलावा उन्होंने सीएचसी में डिजिटल एक्स-रे मशीन की व्यवस्था कराने की भी मांग रखी। उनका कहना था कि डिजिटल एक्स-रे सुविधा न होने से मरीजों को बाहर जांच करानी पड़ती है, जिससे समय और धन दोनों की परेशानी उठानी पड़ती है।
शाहवेज अंसारी ने अस्पताल में डॉक्टरों की समुचित व्यवस्था कराने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि मरीजों की संख्या के मुकाबले विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी बनी रहती है, जिससे आम लोगों को उपचार में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। साथ ही सीएचसी में ब्लड बैंक शुरू कराने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई, ताकि आपात स्थिति में मरीजों को तत्काल रक्त उपलब्ध हो सके।
उन्होंने कहा कि सरधना क्षेत्र की बड़ी आबादी सीएचसी पर निर्भर है, इसलिए यहां स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना बेहद जरूरी है। सीएमओ डॉ. अशोक कटारिया ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया।
इस दौरान एडवोकेट शाकिब अंसारी, साजिद अली सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे।
शाहवेज अंसारी ने कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर उनका प्रयास लगातार जारी रहेगा और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए संबंधित अधिकारियों से लगातार संपर्क किया जाएगा।
Comments
Post a Comment