हिंदी पत्रकारिता दिवस पर नगीना में मंथन, 'निष्पक्ष कलम ही लोकतंत्र की ताकत,दो सौ वर्ष पूर्व हिंदी पत्रकारिता नगीना से उठी निष्पक्ष कलम की आवाज़
*नगीना में पत्रकारों का मंथन: चुनौतियों से लड़ेंगे जनहित में*
* प्रगतिशील पत्रकार एसोसिएशन ने मेधावी छात्र-छात्राओं को किया सम्मानित, कवियों ने बांधा समां*
नगीना। हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर प्रगतिशील पत्रकार एसोसिएशन (पंजीकृत) द्वारा शनिवार देर शाम एमएम इंटर कॉलेज में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। मां सरस्वती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
वक्ताओं ने पत्रकारों की चुनौतियों पर चिंतन करते हुए जनहित में निष्पक्ष कलम चलाने का आह्वान किया। इस दौरान क्षेत्र के मेधावी छात्र-छात्राओं को शील्ड व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।
सहारा समूह के यूपी-उत्तराखंड प्रभारी बृजेश चौधरी ने कहा कि हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूरे होने पर इसका महत्व और बढ़ गया है। सोशल मीडिया के दौर में भी अखबार का महत्व कम नहीं हुआ है। आज भी लोग सुबह-सुबह अखबार पढ़ते हैं और प्रिंट मीडिया पर ही भरोसा करते हैं। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए पत्रकारों से निष्पक्ष होकर जनहित में कलम चलाने की अपील की।
उत्तर प्रदेश सरकार के सूचना आयुक्त व पूर्व डीआईजी सुधीर कुमार चौहान ने हिंदी पत्रकारिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बदलते दौर में पत्रकारों के सामने कई चुनौतियां हैं। उनका डटकर सामना करना होगा। उन्होंने एक वक्ता के सुझाव पर सहकारी कताई मिल में कृषि विश्वविद्यालय बनाने के लिए मुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित कराने का आश्वासन दिया।
राष्ट्रीय सहारा समूह के जिला प्रभारी ज्योतिलाल शर्मा ने हिंदी पत्रकारिता के इतिहास पर चर्चा करते हुए सरकार से पत्रकारों की समस्याओं के समाधान की मांग की। चेयरमैन संघ के जिलाध्यक्ष शेख शहनवाज खलील ने कुछ मोबाइल पत्रकारिता में आ रही खामियों पर चिंता जताते हुए निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर जोर दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता एसोसिएशन अध्यक्ष डॉ. रतेंद्र विश्नोई ने की। संचालन मनोज बाल्मीकि व डॉ. संदीप शर्मा ने संयुक्त रूप से किया। संयोजक मुकेश त्यागी की देखरेख में हुए कार्यक्रम में हास्य कवि हुडदंग नगीनवी व आलमगीर काजमी ने अपनी रचनाओं से खूब गुदगुदाया।
खराब मौसम के बावजूद देर रात तक चले कार्यक्रम में धर्मेंद्र चौधरी, अफसार सिद्दीकी, होमेश कश्यप, आदेश बिश्नोई, राशिद उस्मानी, नंदकिशोर, विकास अग्रवाल, गौरव गोयल, डॉ. मुअज्जम रियाजी, रायपुर से बिजेंद्र कुमार,मिस्बाउल समेत नगीना, स्योहारा, धामपुर, नजीबाबाद, बढ़ापुर व के पत्रकार और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। अंत में सभी अतिथियों कोअंगवस्त्र उढ़ाकर स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया।
(बाॅक्स )
चुनौतियों से लड़कर करें काम: सूचना आयुक्त सुधीर कुमार चौहान।
सोशल मीडिया के दौर में भी अखबार की साख कायम: बृजेश चौधरी।
Comments
Post a Comment