वार्ड नंबर 8 में सड़क और पार्क का लोकार्पण, पालिकाध्यक्ष का हुआ अभिनंदन
शाहिद खान संवाददाता पीलीभीत*
पीलीभीत। नगर पालिका परिषद द्वारा वार्ड नंबर 8 में कराए गए सड़क एवं पार्क निर्माण कार्यों का लोकार्पण पालिका अध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल ने फीता काटकर और शिलापट्ट का अनावरण कर किया। इस दौरान क्षेत्रवासियों ने उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया तथा विकास कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया।
पालिका परिषद की ओर से हिना पैलेस से जावेद खान उस्मान नत्थू के मकान तक सीसी मार्ग का निर्माण कराया गया है। इसके अलावा आवास विकास कॉलोनी में एडवोकेट अंशुल गौरव सिंह के मकान के निकट पार्क का निर्माण भी कराया गया है। दोनों कार्य पूर्ण होने के बाद आयोजित कार्यक्रम में पालिका अध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल ने लोकार्पण किया।
इस अवसर पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए डॉ. आस्था अग्रवाल ने कहा कि नगर पालिका शहर के सभी वार्डों में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य करा रही है। उन्होंने कहा कि नागरिकों को बेहतर सड़क, स्वच्छ वातावरण और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर पालिका की प्राथमिकता है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से पार्कों और सार्वजनिक संपत्तियों की देखभाल करने तथा स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग की अपील की।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं एवं पुरुषों ने भाग लिया और क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों की सराहना की। क्षेत्रवासियों ने पालिका अध्यक्ष का माल्यार्पण कर अभिनंदन भी किया। इस अवसर पर एडवोकेट अंशुल गौरव सिंह, सभासद विपिन गंगवार, राजू फौजी, निर्मल सिंह, अनस अंसारी, राजेंद्र भारती, शिवम श्रीवास्तव, सुरेश लोधी, चेतन गंगवार, जगन्नाथ लोधी, पंकज तिवारी, अरुण उपाध्याय सहित अनेक क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
Comments
Post a Comment