भारतीय मंसूरी समाज की राष्ट्रीय व प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक सम्पन्न ,डॉ. इकबाल को सर्वसम्मति से दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया, समाज सेवा और शिक्षा को बढ़ावा देने का लिया संकल्प
रिपोर्ट-मुस्तकीम मंसूरी
नई दिल्ली। बलबीर नगर, किराड़ी सुल्तानपुरी, दिल्ली में भारतीय मंसूरी समाज की राष्ट्रीय एवं प्रदेश कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में समाज के गणमान्य लोगों, पदाधिकारियों एवं बुद्धिजीवियों ने भाग लिया। सर्वसम्मति से कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए, जिनमें समाज के संगठनात्मक विस्तार, शिक्षा के प्रचार-प्रसार तथा सामाजिक एकता को मजबूत करने पर विशेष चर्चा की गई।
बैठक में उपस्थित सभी बिरादराने समाज की सहमति से डॉ. इकबाल को भारतीय मंसूरी समाज का दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष मनोनीत किया गया। नियुक्ति के बाद अपने संबोधन में डॉ. इकबाल ने कहा कि वह समाज और देश की सेवा के लिए तन, मन और धन से सदैव समर्पित रहेंगे। उन्होंने कहा कि समाज ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसके लिए वह सभी का आभार व्यक्त करते हैं और संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।
समाजसेवियों का सम्मान
बैठक के दौरान समाजसेवी सिकंदर मंसूरी एवं हारून मंसूरी को समाज के प्रति उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मान-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। उपस्थित लोगों ने दोनों समाजसेवियों के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
शिक्षा, संगठन और सियासत पर हुई चर्चा
कार्यक्रम की अध्यक्षता साबिर मंसूरी ने की, जबकि संचालन भारतीय मंसूरी समाज के राष्ट्रीय प्रवक्ता शब्बीर अहमद मंसूरी ने किया। अपने संबोधन में शब्बीर अहमद मंसूरी ने समाज के राजनीतिक प्रतिनिधित्व की आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज की भागीदारी और अधिकारों के लिए सियासत में सक्रिय भूमिका निभाना समय की मांग है।
वहीं भारतीय मंसूरी समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष यूसुफ मंसूरी ने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि समाज की तरक्की का सबसे बड़ा माध्यम शिक्षा है। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों को उच्च शिक्षा दिलाने और उन्हें नशे जैसी बुराइयों से दूर रखने की अपील की।
शायरी के माध्यम से एकता का संदेश
कार्यक्रम में कवि तालिब मंसूरी ने अपने शायराना अंदाज में समाज को एकजुट रहने और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का संदेश दिया। उनकी प्रस्तुति को उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।
ये रहे प्रमुख रूप से उपस्थित
बैठक में शाकिर मंसूरी, जुल्फिकार अली मंसूरी (जिला अध्यक्ष, तिलक नगर), शफीक अहमद मंसूरी (जिला अध्यक्ष, नांगलोई), जहीर अहमद मंसूरी (जिला अध्यक्ष, यूथ कांग्रेस), फहीम अहमद मंसूरी, शकील मंसूरी, अमीर हसन मंसूरी, सजाउद्दीन मंसूरी, आबिद मंसूरी, डॉ. आसिफ मंसूरी सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
समाज को मजबूत बनाने का लिया संकल्प
बैठक के अंत में समाज के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने शिक्षा, सामाजिक जागरूकता, संगठनात्मक मजबूती तथा युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। उपस्थित लोगों ने विश्वास व्यक्त किया कि डॉ. इकबाल के नेतृत्व में दिल्ली प्रदेश में भारतीय मंसूरी समाज और अधिक सशक्त एवं संगठित होकर कार्य करेगा।
Comments
Post a Comment