पीडीए की ताकत से 2027 में बनेगी समाजवादी सरकार, SIR सहयोगियों का हुआ भव्य सम्मान
रिपोर्ट-मुस्तकीम मंसूरी
कैंट विधानसभा क्षेत्र के SIR सहयोगियों को किया गया सम्मानित, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का लिया संकल्प
बरेली। समाजवादी पार्टी अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं 125 कैंट विधानसभा से संभावित दावेदार इंजीनियर अनीस अहमद ख़ान द्वारा पीडीए पंचायत कार्यक्रम के अंतर्गत SIR सहयोगियों के सम्मान समारोह का आयोजन जगतपुर स्थित राना पैलेस में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सपा महानगर अध्यक्ष शमीम ख़ान सुल्तानी ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में सपा जिला अध्यक्ष शुभलेश यादव मौजूद रहे।
समारोह में कैंट विधानसभा क्षेत्र में विशेष पुनरीक्षण अभियान (SIR) के दौरान महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले वर्तमान एवं पूर्व पार्षदों, सपा कैंट विधानसभा प्रभारी, विधानसभा अध्यक्ष तथा उनकी पूरी टीम को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजवादी कार्यकर्ता, पीडीए समर्थक एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वरिष्ठ समाजवादी नेता एवं सपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष कदीर अहमद ने कहा कि SIR अभियान के दौरान सहयोगियों ने बड़ी मेहनत से युवाओं और छूटे हुए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने का कार्य किया है। अब पार्टी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी और बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रत्येक मतदाता को बूथ तक पहुंचाकर मतदान कराना होगा, तभी उत्तर प्रदेश में समाजवादी सरकार बनाने का लक्ष्य पूरा होगा और पीडीए की ताकत प्रदेश में परिवर्तन का आधार बनेगी।
सपा की नीतियां ही सामाजिक न्याय की गारंटी : शुभलेश यादव
मुख्य अतिथि एवं सपा जिला अध्यक्ष शुभलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा गरीबों, किसानों, मजदूरों, युवाओं, पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों की आवाज़ रही है। उन्होंने कहा कि पीडीए की अवधारणा सामाजिक न्याय और बराबरी की लड़ाई को मजबूत कर रही है। सपा की नीतियां ही प्रदेश को विकास, रोजगार और सम्मानजनक शासन दे सकती हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच पार्टी की नीतियों को पहुंचाने का आवाहन किया।
संगठन की मजबूती ही
जीत की कुंजी : शमीम ख़ान सुल्तानी
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सपा महानगर अध्यक्ष शमीम ख़ान सुल्तानी ने कहा कि मजबूत संगठन ही चुनावी सफलता की आधारशिला होता है। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर तक पार्टी को सशक्त बनाने और हर कार्यकर्ता को जिम्मेदारी के साथ काम करने की आवश्यकता है। पीडीए की एकजुटता समाजवादी आंदोलन को नई ऊर्जा प्रदान कर रही है।
जनता बदलाव चाहती है : राजेश अग्रवाल
शहर विधानसभा से पूर्व प्रत्याशी एवं पार्षद राजेश अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है और समाजवादी पार्टी ही जनता की उम्मीदों पर खरी उतर सकती है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को जनसंपर्क बढ़ाकर सपा की उपलब्धियों और नीतियों को घर-घर तक पहुंचाना होगा।
पीडीए सामाजिक परिवर्तन का सबसे बड़ा मंच : संजीव कुमार सक्सेना
सपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य संजीव कुमार सक्सेना ने कहा कि पीडीए केवल एक राजनीतिक नारा नहीं बल्कि सामाजिक परिवर्तन का व्यापक अभियान है। उन्होंने कहा कि पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक समाज की एकजुटता ही लोकतंत्र को मजबूत बनाएगी तथा 2027 में समाजवादी पार्टी को प्रदेश की सत्ता तक पहुंचाने में निर्णायक भूमिका निभाएगी।
कैंट के दावेदारों ने दिखाई एकजुटता, अनुपस्थित चेहरे भी बने चर्चा का विषय
कार्यक्रम की सबसे महत्वपूर्ण और चर्चित बात यह रही कि आयोजक एवं 125 कैंट विधानसभा क्षेत्र से संभावित प्रत्याशी इंजीनियर अनीस अहमद ख़ान ने कैंट विधानसभा से जुड़े सभी संभावित दावेदारों को सम्मान समारोह में आमंत्रित किया था। हालांकि कार्यक्रम में कैंट विधानसभा से दावेदारी कर रहे प्रमुख सपा नेता एवं पार्षद राजेश अग्रवाल तथा सपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य संजीव कुमार सक्सेना ही मौजूद रहे।
मंच से संबोधित करते हुए उपस्थित नेताओं ने संगठनात्मक एकता का संदेश देते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी सर्वोपरि है और टिकट का अंतिम निर्णय पार्टी नेतृत्व का अधिकार है।
वक्ताओं ने कहा कि व्यक्तिगत दावेदारी से ऊपर संगठन और पार्टी की विचारधारा है तथा समाजवादी कार्यकर्ता हमेशा पार्टी के फैसले के साथ खड़े रहते हैं। इस घोषणा को उपस्थित कार्यकर्ताओं ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ समर्थन दिया।
कार्यक्रम के अंत में इंजीनियर अनीस अहमद ख़ान ने सभी अतिथियों, SIR सहयोगियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सम्मान समारोह का उद्देश्य उन कार्यकर्ताओं के योगदान को सम्मान देना है जिन्होंने मतदाता जागरूकता और मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने के लिए पूरी ताकत से जुटने का आवाहन किया। कार्यक्रम का संचालन क़ाज़ी उवैस एडवोकेट ने किया। किस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष हरिओम प्रजापति, कैंट प्रभारी राजेश मौर्य, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष रोहित राजपूत, महानगर उपाध्यक्ष दिनेश यादव, तनवीर उल इस्लाम, रामसेवक प्रजापति, जितेंद्र मुंडे, सुरेंद्र सोनकर, घनश्याम पटेल, पार्षद सादिक अंसारी, पूर्व पार्षद मुशर्रफ अंसारी, पूर्व पार्षद यामीन ख़ान, महेंद्र विक्रम राजपूत, पूर्व पार्षद अंजुम शमीम, वरिष्ठ नेता नफीस अंसारी, सहित बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता बूथ प्रभारीयों एवं SIR सहयोगियों की उपस्थिति रही।
Comments
Post a Comment