श्रावण मास, कांवड़ यात्रा और उर्स-ए-रज़वी को लेकर बरेली पुलिस अलर्ट, एसपी सिटी मानुष पारीक ने अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश



संवेदनशील क्षेत्रों में बढ़ेगी निगरानी, फ्लैग मार्च और पैदल गश्त होगी तेज़, होटल-धर्मशालाओं से लेकर रेलवे-बस स्टेशनों तक चलेगा सघन चेकिंग अभियान

रिपोर्ट: मुस्तकीम मंसूरी 
 
बरेली, 31 जुलाई।
श्रावण मास की कांवड़ यात्रा और विश्व प्रसिद्ध उर्स-ए-रज़वी के मद्देनज़र जनपद बरेली में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक ने शुक्रवार को क्षेत्राधिकारी नगर प्रथम के साथ नगर प्रथम एवं नगर द्वितीय सर्किल के सभी थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों की महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित कर कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
बैठक में एसपी सिटी ने कहा कि दोनों धार्मिक आयोजनों के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने, संवेदनशील स्थानों की विशेष मॉनिटरिंग करने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी मुस्तैदी से कार्य करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने निर्देशित किया कि भीड़-भाड़ वाले बाजारों, धार्मिक स्थलों तथा संवेदनशील इलाकों में नियमित पैदल गश्त और वाहन गश्त बढ़ाई जाए। मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए तथा फ्लैग मार्च के माध्यम से आमजन में सुरक्षा का विश्वास कायम रखा जाए।
बैठक में ड्यूटी पर तैनात सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समय से उपस्थित होकर पूरी निष्ठा, अनुशासन और सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए। साथ ही पीस कमेटी के सदस्यों, आयोजन समितियों, स्वयंसेवकों और स्थानीय गणमान्य नागरिकों के साथ निरंतर संवाद एवं समन्वय बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया, ताकि किसी भी स्थिति का समय रहते समाधान किया जा सके।
एसपी सिटी ने यह भी निर्देश दिए कि किसी भी आपातकालीन सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंचे और वरिष्ठ अधिकारियों को बिना विलंब सूचना उपलब्ध कराए। इसके अतिरिक्त होटल, धर्मशाला, लॉज, रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन तथा अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाकर संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाए।
बैठक में आमजन और श्रद्धालुओं के साथ सौहार्दपूर्ण एवं सहयोगात्मक व्यवहार करने के भी निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों से कहा गया कि कांवड़ यात्रियों एवं उर्स-ए-रज़वी में आने वाले जायरीन को आवश्यक पुलिस सहायता समय पर उपलब्ध कराई जाए, जिससे दोनों धार्मिक आयोजनों के दौरान शांति, सुरक्षा और सौहार्द का वातावरण बना रहे।
बरेली पुलिस का कहना है कि श्रावण मास की कांवड़ यात्रा और उर्स-ए-रज़वी को सकुशल एवं शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है तथा सभी अधिकारियों को पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए हैं।

Comments

Popular posts from this blog

जमा-ए-अनवर पब्लिक स्कूल में प्ले ग्रुप से कक्षा 8वीं तक का परीक्षा फल वितरण हुआ रिपोर्ट कार्ड देखकर बच्चों के खिल उठे चेहरे*

बरेली शहर सीट पर सपा के ‘एजुकेशन आइकन’ मोहम्मद कलीमुद्दीन की दमदार दावेदारी, हजारों छात्रों को डॉक्टर-इंजीनियर बनाकर बनाई मजबूत पहचान

पुलिस ने उसके बाप व भाई का भी धारा 170 बी एन एस एस में चालान कर एसडीएम नगीना की न्यायालय में पेश किया गया। जहां से दोनों को जमानत नहीं मिलने पर बेकसूर बाप बेटे को जाना पड़ गया जेल।